Bettiah: पिता ने दुकान से निकाला तो आरोपी ने मासूम को अगवा कर किया दुष्कर्म, मोबाइल में मिली आपत्तिजनक तस्वीरें

बेतिया नगर थाना क्षेत्र में एक नौ वर्षीय मासूम बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. दुकान से निकाले जाने से नाराज पूर्व कर्मी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर के किचेन से बच्ची को मुक्त कराया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पढ़ें पूरी खबर…

Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया नगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक नौ वर्षीय मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर अगवा किया गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया. घटना गुरुवार दोपहर की है. हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले पीड़ित मासूम के पिता की चाय की दुकान पर काम करता था. उसका चाल-चलन ठीक नहीं होने के कारण बच्ची के पिता ने कुछ दिन पहले ही उसे दुकान से निकाल दिया था. इसी खुन्नस में उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया.

आरोपी के घर के किचेन से बच्ची को किया गया मुक्त

सदर वन एसडीपीओ अजीत कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार की दोपहर नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि एक मोहल्ले से नौ वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लिया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। बच्ची के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई.

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी ने बच्ची का अपहरण किया है. पुलिस ने तत्काल उसके घर में छापेमारी की और आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के घर के किचेन से बच्ची को अपने संरक्षण में लिया.

एफएसएल की टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी ने कबूला जुर्म

घटना की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. पूछताछ के दौरान पीड़ित बच्ची ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया था और वहाँ उसके साथ गलत काम किया. पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पीड़िता और आरोपी दोनों की गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (GMCH) में मेडिकल जांच कराई गई है.

आरोपी के मोबाइल फोन से मिली आपत्तिजनक तस्वीरें

एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से पीड़िता की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें भी बरामद हुई है. पुलिस ने जांच और साक्ष्य के रूप में आरोपी का मोबाइल फोन, पीड़िता और आरोपी के कपड़े, बेडशीट और चादर आदि को जब्त कर लिया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >