बेतिया: मनुआपुल फायरिंग कांड का खुलासा, सुपारी देकर कराई गई थी गोलीबारी

बेतिया के मनुआपुल थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जमीन विवाद में सुपारी देकर गोलीबारी कराई गई थी. पढ़ें पूरी खबर…

Bettiah News: बेतिया के मनुआपुल थाना क्षेत्र स्थित गुरवलिया कुट्टी में हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है.

लव मिश्रा के घर पर हुई थी फायरिंग

पुलिस के अनुसार 16 मई की सुबह बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने गुरवलिया कुट्टी निवासी लव कुमार मिश्र के घर पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग की थी.

अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई थी. घटना के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर प्रभारी एसडीपीओ अतुन दत्ता के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुलासा

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि मियां और धीरज शुक्ला के रूप में हुई है. पुलिस ने उनके पास से हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं.

जमीन विवाद में दी गई थी सुपारी

पुलिस जांच में सामने आया है कि फायरिंग का मुख्य कारण जमीन विवाद था. आरोप है कि करोड़ों रुपये की जमीन को कम कीमत में कब्जाने के लिए लव मिश्रा को डराने और धमकाने की नीयत से फायरिंग कराई गई थी.

पुलिस के अनुसार रवि मियां को इस वारदात के लिए सुपारी दी गई थी. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है.

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >