बोलेरो में छिपाकर ले जाई जा रही थी 1.24 क्विंटल गांजे की खेप, पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

Bettiah Ganja Seized: पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बोलेरो से 1 क्विंटल 24 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया है. दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य फरार हो गए. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

Bettiah Ganja Seized: पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 24 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक बोलेरो वाहन जब्त किया, दो तस्करों को गिरफ्तार किया और फरार हुए दो अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: बिहार पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 15 जुलाई से आवेदन, जानें जरूरी दस्तावेज और पूरी प्रक्रिया

चेईलाभार के पास घेराबंदी कर पकड़ी गई बोलेरो

पुलिस के अनुसार थानाध्यक्ष अमर कुमार के नेतृत्व में टीम मझौलिया-महना मुख्य सड़क पर चेईलाभार गांव के समीप वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो को रोककर उसकी तलाशी ली गई.

तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखा गया 1 क्विंटल 24 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने मौके से वाहन को जब्त कर लिया.

यह भी पढ़ें: हज पर जाना है तो जल्द करें आवेदन, 20 जुलाई आखिरी तारीख, जानें जरूरी दस्तावेज और नियम

दो गिरफ्तार, दो तस्कर भागने में सफल

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रक्सौल के कौड़िहार चौक निवासी दीपक कुमार (27) और बेतिया आईटीआई निवासी अनुज कुमार (18) को गिरफ्तार कर लिया.

वहीं बाइक पर चल रहे दो अन्य तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए. पुलिस का कहना है कि दोनों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

रक्सौल से लोहियरिया पहुंचाई जानी थी खेप

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजे की खेप रक्सौल से लाकर लोहियरिया पहुंचाई जानी थी.

पुलिस के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है. समय रहते कार्रवाई होने से तस्करों की योजना विफल हो गई.

पूरे नेटवर्क की जांच शुरू

थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि इस मामले में केवल बरामदगी तक जांच सीमित नहीं रहेगी. पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.

उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

यह भी पढ़ें: मैरिज ऐप पर हुई दोस्ती ने बर्बाद कर दी जिंदगी, प्यार, गेमिंग और निवेश के जाल में युवक से 40 लाख की साइबर ठगी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >