सर्जिकल दवा दुकान से प्रतिबंधित लॉटरी के अवैध धंधे का भंडाफोड़, दो सगे भाई गिरफ्तार

नगर पुलिस ने इलमराम चौक पर एक फार्मा सर्जिकल दवा दुकान से प्रतिबंधित लॉटरी के अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया.

बेतिया. नगर पुलिस ने इलमराम चौक पर एक फार्मा सर्जिकल दवा दुकान से प्रतिबंधित लॉटरी के अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया. पुलिस ने कन्हैया कुमार और उनके भाई जितेन्द्र राज उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 4820 इनामी लॉटरी टिकट, 24,060 रुपये, पांच डुप्लीकेट नोटबुक और दो मोबाइल फोन बरामद हुए. बरामद टिकट सिक्किम स्टेट डीयर कंपनी और नागालैंड स्टेट डीयर कंपनी के थे. घटना की जानकारी देते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि दोनों आरोपी नगर के इलम राम चौक गंज नंबर एक, वार्ड 11 के निवासी हैं. नगर थाने के दारोगा सैयद हसन ने मंगलवार दोपहर गश्ती के दौरान सूचना पाई कि दुकान में लॉटरी का अवैध कारोबार चल रहा है. सूचना पर थानाध्यक्ष, अपर थानाध्यक्ष नितिन कुमार, जमादार विजय कुमार और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. तलाशी के दौरान काउंटर के नीचे रखे कार्टन में लॉटरी टिकट और अन्य सामग्री बरामद की गई. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पिछले पांच माह से यह अवैध धंधा चला रहे थे. एसएसपी ने बताया कि गोलू के खिलाफ फरवरी 2018 में आर्म्स एक्ट और कन्हैया के खिलाफ नगर थाना में अगस्त 2019 तथा मुफस्सिल थाना में फरवरी 2018 में पहले भी मामले दर्ज हैं, जिनमें पुलिस ने आरोप पत्र समर्पित कर दिया है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया. मामले की जांच दारोगा शुभम कुमार कर रहे हैं. इस कार्रवाई से नगर में अवैध लॉटरी के कारोबार पर कड़ा संदेश गया है और पुलिस की सतत निगरानी एवं गश्त व्यवस्था उजागर हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >