बगहा में ऑर्केस्ट्रा ग्रुप पर पुलिस की रेड, यूपी की दो नाबालिग बालिकाएं बरामद, संचालक गिरफ्तार

चौतरवा थाना क्षेत्र के एक ऑर्केस्ट्रा ग्रुप में पुलिस ने छापेमारी कर उत्तर प्रदेश की दो नाबालिग बालिकाओं को बरामद किया. मानव व्यापार की आशंका पर ऑर्केस्ट्रा संचालक को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

बगहा क्राइम: चौतरवा थाना क्षेत्र में डायल-112 से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक ऑर्केस्ट्रा ग्रुप में छापेमारी कर दो नाबालिग बालिकाओं को बरामद किया है. दोनों बालिकाएं उत्तर प्रदेश की रहने वाली बतायी जा रही हैं. मानव व्यापार की आशंका को देखते हुए पुलिस ने ऑर्केस्ट्रा संचालक समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. मामले की गंभीरता को देखते हुए मानव व्यापार निरोध इकाई, बगहा की टीम को भी मौके पर बुलाया गया.

सूचना मिलते ही ऑर्केस्ट्रा ग्रुप में पहुंची पुलिस

एसपी राजेश कुमार ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि चौतरवा थाना क्षेत्र स्थित परी हंगामा ऑर्केस्ट्रा ग्रुप में नाबालिग बालिकाएं मौजूद हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऑर्केस्ट्रा परिसर में छापेमारी की. इस दौरान दोनों नाबालिगों को बरामद किया गया.

मानव व्यापार की आशंका पर जांच शुरू

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ऑर्केस्ट्रा संचालक चैनपुर पतिलार निवासी अनमोल यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. इसके बाद मानव व्यापार निरोध इकाई, बगहा की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने संचालक समेत संबंधित लोगों से पूछताछ कर नाबालिगों के ऑर्केस्ट्रा ग्रुप तक पहुंचने और उनसे कराये जा रहे कार्य से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटायी.

संचालक के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और अब तक सामने आये तथ्यों के आधार पर चौतरवा थाना में कांड संख्या 310/26 दर्ज किया गया है. इसमें बीएनएस की सुसंगत धाराओं के साथ किशोर न्याय अधिनियम, बाल एवं किशोर श्रम अधिनियम तथा पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराएं लगायी गयी हैं.

मामले में ऑर्केस्ट्रा संचालक अनमोल यादव समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. नामजद आरोपित अनमोल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है. वहीं, पुलिस अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

दोनों नाबालिगों की कानूनी प्रक्रिया जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद दोनों नाबालिग बालिकाओं से संबंधित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पुलिस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दोनों बालिकाएं ऑर्केस्ट्रा ग्रुप तक कैसे पहुंचीं और इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका है.

छापेमारी दल में चौतरवा थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार, डायल-112 के पुलिस अवर निरीक्षक संजय गोंड समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

यह भी पढे़ं:

बगहा में गंडक का कहर: 109 घर नदी में समाए, अब लोग खुद तोड़ रहे अपना आशियाना


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रप्रकाश आर्य

चंद्रप्रकाश आर्य वर्ष 2006 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं . उन्होंने दैनिक प्रभात खबर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की और तभी से निष्पक्ष, तथ्यपरक तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं .वर्तमान में वे प्रभात खबर, बगहा कार्यालय में सहायक के रूप में कार्यरत हैं .सामाजिक, अपराध, राजनीति और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ मानी जाती है .अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग, तथ्य आधारित समाचारों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के कारण उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है .

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >