बगहा: एक दिन नहीं, सालों भर चलेगी सफाई, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व को प्लास्टिक मुक्त बनाने की तैयारी तेज

Bagaha News: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वाल्मीकिनगर रेंज में विश्व पर्यावरण दिवस पर प्लास्टिक हटाओ और पौधारोपण अभियान चलाया गया. रेंजर सत्यम कुमार ने पर्यटकों से की सहयोग की अपील. जानिए खबर विस्तार से…

Bagaha News: विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर पश्चिम चंपारण जिले के एकमात्र वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) वन प्रमंडल-2 के वाल्मीकिनगर रेंज क्षेत्र में बड़े पैमाने पर स्वच्छता और पौधारोपण अभियान चलाया गया. पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशेष निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में वनकर्मियों ने जंगल कैंप के समीप स्थित ऐतिहासिक आम बगीचा और प्रमुख इको-टूरिज्म (पर्यटन) स्थलों की साफ-सफाई की. इस सराहनीय पहल के जरिए पूरे वाल्मीकिनगर इलाके में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का एक खूबसूरत संदेश दिया गया.

मुख्य मार्ग से हटाया गया प्लास्टिक कचरा

स्वच्छता अभियान के तहत मुस्तैद वनकर्मियों ने वाल्मीकिनगर मुख्य मार्ग से सटे सघन वन क्षेत्रों में गश्त कर वहां बिखरे पड़े खतरनाक प्लास्टिक, खाली बोतलें और अन्य अजैविक कचरे को चुन-चुनकर एकत्र किया और उसका वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित निस्तारण कराया. इसके साथ ही प्रकृति को और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से वीटीआर के विभिन्न चिन्हित पर्यटन स्थलों पर वन विभाग की टीम द्वारा दर्जनों फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया. मौके पर उपस्थित सभी कर्मचारियों ने पौधों की सुरक्षा करने और वाल्मीकि रिजर्व के वातावरण को हमेशा हरित बनाए रखने का साझा संकल्प लिया.

प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना मुख्य लक्ष्य

अभियान की कमान संभाल रहे वाल्मीकिनगर के रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण को पूरी तरह समाप्त करना और आम लोगों के भीतर पर्यावरण संरक्षण के प्रति चेतना जगाना है. इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर वन क्षेत्र से सटे सभी संवेदनशील पर्यटन स्थलों और सार्वजनिक जगहों पर यह विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह स्वच्छता अभियान केवल पर्यावरण दिवस के एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में भी वीटीआर के अलग-अलग जंगलों और कैंपों में लगातार जारी रखा जाएगा.

पर्यटकों से सहयोग की अपील

रेंजर सत्यम कुमार ने आगे कहा कि वन्यजीवों के लिए एक स्वच्छ और सुरक्षित टाइगर रिजर्व तैयार करना वन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में भ्रमण के दौरान वे चिप्स के पैकेट, प्लास्टिक और अन्य कूड़ा-कचरा खुले में फेंकने के बजाय केवल निर्धारित डस्टबीन में ही डालें. खुले में फेंका गया प्लास्टिक कचरा न केवल मिट्टी और पर्यावरण को प्रदूषित करता है.

इस विशेष सफाई और पौधारोपण अभियान में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के कई वरीय अधिकारियों, वनपालों, ट्रैकर्स और क्षेत्र के दैनिक कर्मचारियों ने काफी सक्रिय भागीदारी निभाई. पूरे कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने वन संपदा को आग और प्रदूषण से बचाने के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की.

बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >