बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: बगहा में नहर में नहाने गए एक किशोर की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया. गुरुवार को डूबकर लापता हुए 13 वर्षीय बच्चे का शव करीब 24 घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम ने बरामद किया. शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है.
दोस्तों के साथ नहाने गया था किशोर
जानकारी के अनुसार, बगहा नगर परिषद के वार्ड संख्या 29 स्थित बनकटवा निवासी अनूप सहनी का पुत्र तुलसी कुमार गुरुवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ तिरहुत नहर स्थित हरहा नदी छलका में नहाने गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबकर लापता हो गया. साथ मौजूद बच्चों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और ग्रामीणों को दी.
रातभर चला तलाश अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थानीय तैराकों की मदद से खोजबीन शुरू की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. इसके बाद पटखौली थाना पुलिस और बगहा-दो के अंचलाधिकारी मो. वसीम अकरम को सूचना दी गई. हालात को देखते हुए नहर का पानी बंद कराया गया और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया.
चुनौतियों के बीच एसडीआरएफ ने बरामद किया शव
खोज अभियान के दौरान कम जलस्तर और आसपास मगरमच्छ होने की आशंका के कारण बचाव दल को काफी सावधानी बरतनी पड़ी. तमाम मुश्किलों के बावजूद एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी रही. आखिरकार शुक्रवार शाम करीब छह बजे किशोर का शव बरामद कर लिया गया.
परिवार में मचा कोहराम
पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि तुलसी कुमार पिछले कुछ दिनों से अपने मामा के घर बरवल गांव आया हुआ था. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं सीओ ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है.
