बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: बगहा पुलिस जिला में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. पुलिस सभागार में एसपी रामानंद कुमार कौशल की अध्यक्षता में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जिले के सभी थानाध्यक्षों और पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए.
लंबित मामलों के जल्द निष्पादन का निर्देश
बैठक के दौरान एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को लंबित कांडों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखते हुए तेजी से कार्रवाई हो, ताकि पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके.
गश्ती और वाहन जांच पर विशेष जोर
एसपी ने थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती अभियान चलाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा. वाहन जांच अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अपराध पर नियंत्रण रखा जा सके.
शराब और अवैध बालू कारोबार पर सख्ती
अपराध गोष्ठी में अवैध बालू खनन और शराब कारोबार के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाने पर जोर दिया गया. एसपी ने मद्यनिषेध अभियान के तहत शराब तस्करों और कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
डायल-112 और सत्यापन कार्यों की समीक्षा
बैठक में डायल-112 सेवा को और सक्रिय एवं जवाबदेह बनाने पर चर्चा हुई. साथ ही पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन से जुड़े लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश भी दिया गया. एसपी ने सीसीटीएनएस कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को ऑनलाइन अभिलेख समय पर अपडेट करने को कहा. उन्होंने अप्रैल 2026 तक लंबित मामलों के निष्पादन को प्राथमिकता देने पर बल दिया.
