बगहा से इजरायल अंसारी की रिपोर्ट
Bagaha News: बगहा के चर्चित पुट्टू मिश्रा हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक बरामद कर ली है. बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी पुलिस की दबिश बढ़ने पर बाइक को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए थे.
नहर किनारे मिली हत्या में इस्तेमाल बाइक
पुलिस को यह बाइक रामनगर-मुजरा मुख्य सड़क के पास किशोरी वाटिका के समीप त्रिवेणी नहर किनारे से मिली. बाइक का नंबर बीआर 22 बीपी 1832 बताया गया है. पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
रिमांड पर पूछताछ में खुला राज
थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि कोर्ट में सरेंडर करने वाले आरोपी समीर खान, लारेब खान और राजू खान को 15 मई को रिमांड पर लिया गया था. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या की साजिश, वारदात में इस्तेमाल संसाधनों और फरारी से जुड़े कई अहम खुलासे किए.
बदला लेने के लिए रची गई हत्या की साजिश
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी राजू खान ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने मामा और कांग्रेस नेता फखरुद्दीन खान की हत्या का बदला लेने के लिए संजीव मिश्रा उर्फ पुट्टू मिश्रा की हत्या की योजना बनाई थी. इस साजिश में समीर खान और लारेब खान ने भी उसका साथ दिया.
हथियार की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. हालांकि अब तक हथियार बरामद नहीं हो सका है. पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान मिले इनपुट के आधार पर मामले की गहराई से जांच की जा रही है.
27 अप्रैल को हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 27 अप्रैल को फुलकौल गांव में संजीव मिश्रा उर्फ पुट्टू मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. बाद में तीनों नामजद आरोपियों ने बगहा कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था.
