बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: वीटीआर से सटे बगहा अनुमंडल के पिपरासी प्रखंड क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से तेंदुओं की चहल-कदमी लगातार बढ़ गई है. बुधवार की रात पिपरासी थाना पुलिस जब गश्ती पर निकली थी, तभी पिपरासी पंचायत के परसौनी गांव से पीपी तटबंध जाने वाली सड़क पर एक तेंदुआ सरेआम घूमता दिखाई दिया. पुलिस टीम ने परसौनी निवासी प्रमुख प्रतिनिधि मंजेश साहनी के घर के समीप तेंदुए को सड़क पार करते देखा. तेंदुए को देखते ही पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और गांव पहुंचकर सो रहे लोगों को जगाया व सतर्क किया.
वन विभाग ने नहीं उठाया फोन, पुलिस ने गांव में जाकर लोगों को किया अलर्ट
पिपरासी थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि तेंदुए को देखने के बाद उन्होंने रात में ही वन विभाग के अधिकारियों को फोन कर सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया. इसके बाद पुलिस टीम खुद गांव पहुंची और ग्रामीणों को तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी दी. पुलिस ने लाउडस्पीकर और व्यक्तिगत रूप से लोगों से अपील की कि वे रात के समय पीपी तटबंध और सरेह की ओर जाने से पूरी तरह परहेज करें. गुरुवार की सुबह दोबारा वन विभाग को इस बात की आधिकारिक सूचना दी गई है.
खेती-बारी प्रभावित, वन विभाग पर सिर्फ खानापूर्ति करने का आरोप
इधर, प्रमुख प्रतिनिधि मंजेश साहनी, बीडीसी नीरज शर्मा, विवेक यशवंत यादव और मोहित मौर्य सहित अन्य ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश व्यक्त किया है. ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक महीने से कई तेंदुए रिहायशी इलाकों में घूम रहे हैं और मवेशियों को निशाना बना रहे हैं, लेकिन वन विभाग सिर्फ खानापूर्ति कर रहा है. तेंदुओं के डर से किसान गन्ने की पटवन और धान की खेती के लिए खेतों में जाने से कतरा रहे हैं. मामले में रेंजर श्रीमान मालाकार ने बताया कि वन विभाग की टीम को क्षेत्र में भेजा जा रहा है और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा.
