बगहा से इजरायल अंसारी की रिपोर्ट
Bagaha News: माॅनसून की आहट के साथ ही बगहा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए तैयारियों को तेज कर दिया गया है. इसी कड़ी में सोमवार को बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी ने वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों के साथ बराज क्षेत्र का दौरा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, तटबंधों की मजबूती और बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की.
बांधों और तटबंधों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कार्यपालक अभियंता और शीर्ष कार्य प्रमंडल वाल्मीकिनगर के अधिकारियों के साथ दायां और बायां दोनों बांधों का निरीक्षण किया. इस दौरान तटबंधों की स्थिति, कटाव वाले इलाकों और जल निकासी व्यवस्था को बारीकी से देखा गया. चांदनी कुमारी ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि मानसून शुरू होने से पहले हर जरूरी तैयारी पूरी कर ली जाए. उन्होंने कहा कि बाढ़ के समय लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों को पहले से सतर्क रहना होगा.
संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर
एसडीएम ने संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने और नियमित गश्ती कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बराज और बांधों की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि जहां भी तटबंध कमजोर हैं, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए. साथ ही बाढ़ नियंत्रण से जुड़े संसाधन, मशीनें और कर्मियों को अलर्ट मोड में रखने को कहा गया.
लोगों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
एसडीएम ने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा है. बाढ़ से बचाव के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके. निरीक्षण के दौरान कई अभियंता और विभागीय कर्मी मौजूद रहे.
