बगहा: बकरीद को लेकर बैठक, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील

Bagaha News: बगहा के चखनी मस्जिद परिसर में बकरीद को लेकर बैठक आयोजित हुई. मौलाना वहाब कासमी ने लोगों से सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने और तंदुरुस्त जानवर की कुर्बानी करने की अपील की. बैठक में कई सामाजिक और राजनीतिक लोग शामिल हुए. पढे़ं पूरी खबर…

बगहा से इजरायल अंसारी की रिपोर्ट

Bagaha News: बगहा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 31 स्थित चखनी मस्जिद परिसर में रविवार को बकरीद पर्व को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई. मदरसा जामिया हारुनिया यतीम खाना मोइनिया मदरसा की ओर से हुई इस बैठक में लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की गई.

भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

बैठक की अध्यक्षता मौलाना वहाब कासमी ने की. उन्होंने कहा कि बकरीद का त्योहार प्रेम, त्याग और इंसानियत का संदेश देता है. समाज में सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और हर समुदाय की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए.

तंदुरुस्त जानवर की कुर्बानी की सलाह

मौलाना ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बकरीद पर तंदुरुस्त और स्वस्थ जानवर की कुर्बानी करें. उन्होंने कहा कि इस्लाम अमन और भाईचारे की शिक्षा देता है, इसलिए ऐसा कोई काम नहीं होना चाहिए जिससे किसी की भावना आहत हो.

हिंदू-मुस्लिम एकता पर दिया जोर

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि हिंदू और मुस्लिम समुदाय वर्षों से मिलजुल कर रहते आए हैं. सामाजिक एकता और पारस्परिक सम्मान ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है. सभी लोगों ने मिलकर सौहार्दपूर्ण माहौल में बकरीद मनाने का संकल्प लिया.

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

बैठक में जदयू अल्पसंख्यक नेता सह सांसद प्रतिनिधि मो. नेजानुद्दीन अंसारी, अब्दुल हमीद अंसारी, समसूदीन अंसारी और मो. कयूम अंसारी समेत कई लोग मौजूद रहे. सभी ने शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >