बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बगहा पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल के निर्देश पर बगहा और रामनगर अनुमंडल के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठकों में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध लोगों ने हिस्सा लेकर लोगों से भाईचारा बनाए रखने की अपील की.
विधि-व्यवस्था और सुरक्षा पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान पर्व के समय सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील इलाकों की निगरानी और कानून व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की.
सोशल मीडिया पर पुलिस की रहेगी नजर
आदर्श नगर थाना में आयोजित बैठक में एसडीपीओ निहार भूषण ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम और भाईचारे का पर्व है. सभी लोग मिलकर शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाएं. उन्होंने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी.
संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी गश्त
नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी. संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई जाएगी और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी. उन्होंने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की.
पटखौली थाना में भी हुई बैठक
पटखौली थाना में पुलिस निरीक्षक संजय कुमार पाठक की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक हुई. इसमें थानाध्यक्ष उत्पल कांत, जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे. अधिकारियों ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
रामनगर अनुमंडल में भी प्रशासन अलर्ट
रामनगर अनुमंडल में एसडीपीओ रागनी कुमारी के निर्देशन में अलग-अलग थानों में बैठक आयोजित की गई. उन्होंने कहा कि बकरीद भाईचारे और सौहार्द का पर्व है, इसलिए सभी लोग प्रेम और सहयोग के साथ त्योहार मनाएं तथा अफवाहों से बचें.
जनप्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का भरोसा
बैठकों में मौजूद जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में वे पूरा सहयोग करेंगे. नगर थाना की बैठक में कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
