Bettiah News: नरकटियागंज रेल पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान के दौरान अवध एक्सप्रेस ट्रेन से 31.950 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान योगापट्टी थाना क्षेत्र के डुमरी वार्ड संख्या-3 निवासी ओम प्रकाश प्रसाद के 30 वर्षीय पुत्र जयकिशन कुमार के रूप में हुई है. रेल पुलिस ने बरामद शराब जब्त कर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
Railway News: विशेष चेकिंग अभियान में हुई कार्रवाई
रेल पुलिस के अनुसार रविवार को नरकटियागंज रेल थाना की टीम विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान 19037 अवध एक्सप्रेस की जांच की गई. अभियान के दौरान संदिग्ध यात्रियों की तलाशी ली जा रही थी.
एच-1 कोच से बरामद हुई अंग्रेजी शराब
जांच के दौरान अवध एक्सप्रेस के एच-1 कोच के केबिन-ए की सीट संख्या-3 पर बैठे जयकिशन कुमार की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 31.950 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई. बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही युवक को हिरासत में ले लिया.
रेल थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
रेल थानाध्यक्ष दिनेश साहू ने बताया कि विशेष चेकिंग अभियान के दौरान युवक को भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा गया है. बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है. आरोपित के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.
ट्रेनों में शराब तस्करी रोकने के लिए अभियान जारी
रेल पुलिस ने बताया कि ट्रेनों के माध्यम से होने वाली अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: मैनाटांड़ पुलिस अंचल की अपराध समीक्षा बैठक, शराब तस्करों पर कार्रवाई तेज करने का निर्देश
