नापी करने पहुंचे सीओ, थानाध्यक्ष व महिला दरोगा पर हमला, दौड़ाकर पीटा

हालात इतने बिगड़े कि अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष और महिला पुलिस अधिकारी सहित पांच कर्मियों को दौड़ाकर पीटा गया.

लौरिया . प्रखंड के बेलवा लखनपुर पंचायत अंतर्गत दुबौलिया गांव शनिवार को उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब अंचल प्रशासन की दोबारा नापी एवं आंशिक बेदखली की कार्रवाई का ग्रामीणों ने उग्र विरोध किया. हालात इतने बिगड़े कि अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष और महिला पुलिस अधिकारी सहित पांच कर्मियों को दौड़ाकर पीटा गया. घटना के दौरान आगजनी भी की गई. बीएलडीआर के आदेश पर वाद संख्या 109/25 के तहत अंचलाधिकारी नीतेश कुमार सेठ सशस्त्र पुलिस बल के साथ पैमाइश के लिए गांव पहुंचे थे. कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौके पर जुट गए और विरोध करने लगे. देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और प्रशासनिक टीम के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. हिंसक झड़प में अंचलाधिकारी नीतेश कुमार सेठ, थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा, महिला पुलिस अधिकारी निशी कुमारी व प्रियरंजना कुमारी तथा ड्रोन कैमरा कर्मी अमित कुमार घायल हो गए. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लौरिया में भर्ती कराया गया। चिकित्सक के अनुसार सभी को हल्की चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है. अंचलाधिकारी ने घटना के लिए असामाजिक तत्वों को जिम्मेदार ठहराते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. स्थिति नियंत्रित करने के लिए बेतिया से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाकर जल्द ही दोबारा नापी की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANJEET THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >