पश्चिम चंपारण के चनपटिया से अजय चौबे की रिपोर्ट
Bettiah News: चनपटिया प्रखंड के रानीपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 13 स्थित ओझा टोला में गुरुवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया. इस दौरान जेसीबी मशीन में तोड़फोड़ की गई और चालक की पिटाई कर दी गई. घटना में सदर एसडीएम और सीओ बाल-बाल बच गए.
रास्ता अतिक्रमण को लेकर था विवाद
जानकारी के अनुसार रानीपुर रामपुरवा पंचायत के वार्ड 13 निवासी दीपक राज ने नवंबर 2025 में अंचल कार्यालय में अतिक्रमण वाद दर्ज कराया था. आवेदन में चंडी राम, विनोद राम और जानकी कुंवर पर घर जाने वाले रास्ते पर पक्का निर्माण कर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया गया था.
मामले में अंचल कार्यालय की ओर से संबंधित पक्षों को तीन बार नोटिस भेजा गया, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया.
कार्रवाई शुरू होते ही भड़के लोग
गुरुवार को कमलकांत सिंह, पंकज कुमार और पुलिस बल के साथ प्रशासनिक टीम अतिक्रमण हटाने गांव पहुंची थी.
कार्रवाई शुरू होते ही कुछ ग्रामीण उग्र हो गए और टीम पर हमला कर दिया. इस दौरान जेसीबी चालक की जमकर पिटाई की गई तथा मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. चालक किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा.
सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ा गया
घटना के दौरान मौके पर लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया गया. सूचना मिलने पर सदर एसडीएम विकास कुमार भी घटनास्थल पहुंचे. आरोप है कि उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया.
घटना में रंजीत साह (32), महेंद्र साह (45), नागेंद्र साह (50) और नीरज कुमार साह (30) घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज सीएचसी चनपटिया में कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया.
प्राथमिकी की तैयारी
कमलकांत सिंह ने बताया कि घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है. उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
