प्रेम विवाह के 8 महीने बाद युवक की हत्या, पत्नी के परिजनों पर पुलिस का बड़ा एक्शन

गौनाहा में एक चौंकाने वाली घटना में, प्रेम विवाह करने वाले 22 वर्षीय युवक असलम की उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर हत्या कर दी. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है.

Gaunaha News: स्थानीय निवासी मोहम्मद जाकिर के 22 वर्षीय पुत्र असलम की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी पत्नी के पिता, मां, भाई समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.

गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव जब पैतृक गांव पहुंचा तो परिवार में मातम छा गया. अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंचे.

आठ महीने पहले किया था प्रेम विवाह

परिजनों के अनुसार असलम ने करीब आठ महीने पहले गौनाहा निवासी मैनुद्दीन खां की पुत्री से परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था.

बताया गया कि विवाह के बाद युवती के परिजन इस रिश्ते से नाराज थे. इसके बाद असलम अपनी पत्नी के साथ मनुवापुल थाना क्षेत्र के मेहेदिया बारी स्थित अपने मामा के घर रहने लगा था. दोनों वहीं रह रहे थे, लेकिन दोनों परिवारों के बीच संबंध सामान्य नहीं हो सके.

चाकू मारकर की गई हत्या

परिजनों के अनुसार बुधवार को मेहेदिया बारी में असलम की चाकू मारकर हत्या कर दी गई.

घटना की सूचना मिलते ही मनुवापुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

गांव में पसरा मातम

शव के गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.

असलम पांच भाई-बहनों में तीसरे स्थान पर था. परिवार के अनुसार एक छोटे भाई को छोड़कर सभी भाई-बहनों की शादी हो चुकी है. उसकी असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है.

पुलिस का क्या कहना है?

गौनाहा थानाध्यक्ष शंभू शरण गुप्ता ने बताया कि असलम की मौत गर्दन पर चाकू लगने से हुई है.

उन्होंने बताया कि मनुवापुल पुलिस ने गौनाहा पुलिस के सहयोग से मृतक की पत्नी के पिता, मां, भाई समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान पत्नी के भाई शाहिद खां ने हत्या की बात स्वीकार की है. पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

नोट: पत्नी के भाई द्वारा हत्या स्वीकार करने की जानकारी पुलिस के बयान पर आधारित है. मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय के आदेश के बाद ही होगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Brij mohan prasad yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >