बेतिया: दो मासूम बेटियों को छोड़ कमाने गया था पिता, 15 दिन बाद विजयवाड़ा से लौटा शव

बेतिया के चौड़बल गांव में उस वक्त मातम छा गया जब 28 वर्षीय प्रवासी मजदूर राजू राम का शव आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से संदिग्ध परिस्थितियों में गांव पहुंचा. परिवार के मुखिया की अचानक मौत ने दो मासूम बेटियों को हमेशा के लिए अनाथ कर दिया है. परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है.

Bettiah News: शिकारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौड़बल गांव निवासी 28 वर्षीय प्रवासी मजदूर राजू राम की आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. गुरुवार को जैसे ही एंबुलेंस से मजदूर का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव चौड़बल पहुंचा, पूरे गांव में कोहराम मच गया. परिजनों के चीत्कार से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया. मृतक के परिजनों के अनुसार मौत का स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है. विजयवाड़ा स्थानीय पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी.

Narkatiaganj News:टाइल्स लगाने का करता था काम

मृतक के पिता सुदामा राम और भाई संजय राम ने बताया कि राजू परिवार के भरण-पोषण के लिए करीब ढाई माह पूर्व मजदूरी करने आंध्र प्रदेश गया था.

वहां से करीब 15 दिन पहले ही वह विजयवाड़ा शिफ्ट हुआ था, जहां वह टाइल्स मिस्त्री के रूप में काम कर रहा था. राजू वहीं एक स्थानीय फैक्ट्री परिसर में बने कमरे में अन्य मजदूरों के साथ रहता था.

रात में पत्नी से की थी बात, अगले दिन सड़क किनारे मिला शव

परिजनों के अनुसार, 16 अगस्त की रात करीब 10 बजे राजू ने अपनी पत्नी राधा देवी से मोबाइल पर अंतिम बार बात की थी. बातचीत के दौरान उसने बताया था कि उसकी तबीयत अचानक बहुत ज्यादा खराब हो गई है. इसके तुरंत बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया.

अगले दिन सुबह परिजनों को सूचना मिली कि राजू का शव सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला है. परिजनों ने ठेकेदार इशहाक राय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने घटना की त्वरित जानकारी परिजनों को नहीं दी. ठेकेदार के इस रवैये को लेकर परिजन किसी अनहोनी या साजिश की आशंका जता रहे हैं.

छह माह की बच्ची के सिर से उठा पिता का साया

राजू अपने पीछे पत्नी राधा देवी और दो मासूम पुत्रियों—दिव्या (5 वर्ष) और महज 6 माह की दुधमुंही बच्ची रूही को छोड़ गया है. पति की असामयिक मौत के बाद पत्नी राधा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दोनों मासूम बच्चियों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए छिन गया.

शव गांव पहुंचने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में गमगीन माहौल के बीच उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया.

यह भी पढ़ें: नेपाल से भटककर पहुंचा गैंडा, ड्रोन ने खोजी लोकेशन, गांव में दहशत का माहौल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >