चनपटिया न्यूज : कुमारबाग थाना क्षेत्र के तुरहापट्टी गांव निवासी 22 वर्षीय आदित्य कुमार की संदिग्ध मौत के बाद बुधवार को लोगों का आक्रोश सड़क पर उतर आया. आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कुड़िया कोठी के समीप आदित्य का शव सड़क पर रखकर बेतिया-नरकटियागंज मुख्य मार्ग जाम कर दिया. लोग आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं.
शव सड़क पर, सड़क पर मचा हंगामा
आदित्य के शव को सड़क पर रखे जाने से मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन ठप हो गया. दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. परिजन और ग्रामीण पुलिस-प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
जाम और हंगामे की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं. मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
पिता ने लगाया है हत्या का आरोप
मंगलवार को श्मशान घाट के पास सरेह से आदित्य का शव मिला था. मृतक के पिता हरेंद्र साह ने गांव के कुछ युवकों पर आदित्य को घर से बुलाकर ले जाने और हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है. मामले में कुमारबाग थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
गिरफ्तारी नहीं तो जाम नहीं हटाने पर अड़े
परिजनों का कहना है कि जब तक आदित्य की मौत के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक सड़क से शव नहीं हटाया जायेगा. पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले में कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है.