बेतिया: अब आधार बनवाने के लिए नहीं लगाना पड़ेगा प्रखंड का चक्कर, पंचायत में ही शुरू हुआ सेंटर

नरकटियागंज प्रखंड के मनवा परसी पंचायत में नए आधार पंजीयन केंद्र का शुभारंभ हुआ है. इससे ग्रामीणों को आधार कार्ड बनवाने या सुधारवाने के लिए अब प्रखंड मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. केंद्र पर निःशुल्क और शुल्क आधारित दोनों तरह की सेवाएं उपलब्ध होंगी.

Bettiah News: पंचायती राज विभाग की महत्वाकांक्षी पहल के तहत नरकटियागंज प्रखंड के मनवा परसी पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में शुक्रवार को नए आधार पंजीयन केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया. केंद्र का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सूरज कुमार सिंह और मुखिया प्रतिनिधि मो. आलमगीर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. केंद्र के संचालन की औपचारिक शुरुआत चार वर्षीय बच्चे शहजाद अंसारी का नया आधार कार्ड बनाकर की गई.

Narkatiaganj News:मुख्यालय का चक्कर होगा खत्म

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने कहा कि पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार जल्द ही नरकटियागंज प्रखंड की सभी पंचायतों में आधार पंजीयन केंद्र क्रियाशील किए जाएंगे.

उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से आम ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को नए आधार कार्ड बनवाने या उसमें सुधार कराने के लिए प्रखंड मुख्यालय अथवा सुदूर सीएससी केंद्रों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. ग्रामीणों को अपने ही गांव के पंचायत सरकार भवन में सभी आवश्यक डिजिटल नागरिक सेवाएं सुलभ होंगी.

सुधार के लिए निर्धारित शुल्क मान्य

केंद्र के संचालन और व्यवस्था को लेकर कार्यपालक सहायक मुकेश कुमार ने विस्तृत जानकारी साझा की.

उन्होंने बताया कि इस केंद्र पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का नया आधार कार्ड पूरी तरह निःशुल्क बनाया जाएगा. इसके अलावा आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट, नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और पते में सुधार (अपडेशन) जैसी अन्य सेवाओं के लिए सरकार और विभाग द्वारा निर्धारित मानक शुल्क ही लिया जाएगा.

उद्घाटन के दौरान ये गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर पंचायत सचिव राकेश कुमार, कार्यपालक सहायक मुकेश कुमार, ग्राम कचहरी सचिव अखिलेश प्रसाद, वार्ड सदस्य मुकेश कुमार, नगीना महतो, रामकिशुन महतो, अबुलैश अंसारी, विकास मित्र जयद्रथ मांझी, सीएससी संचालक मो. सोहैल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: सावन की आखिरी सोमवारी से पहले वाल्मीकिनगर में उमड़ी भीड़, त्रिवेणी संगम पर दिखा अद्भुत नजारा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >