एसआइआर के बाद 27.60 से घटकर 25.69 लाख हुए थे वोटर, अंतिम सूची में 26.10 लाख के नाम दर्ज

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए गए गहन पुनरीक्षण कार्य के बाद मंगलवार को जिले की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया.

बेतिया. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए गए गहन पुनरीक्षण कार्य के बाद मंगलवार को जिले की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया. इस प्रकाशन के बाद पश्चिम चंपारण जिले में अब कुल मतदाताओं की संख्या 26 लाख 10 हजार 482 रह गई है. जबकि एक जुलाई 2025 की अर्हता तिथि पर प्रकाशित सूची में जिले के मतदाताओं की संख्या 27.60 लाख दर्ज की गई थी. हालांकि गहन पुनरीक्षण के बाद जब एक अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी, तब मतदाताओं की संख्या घटकर 25 लाख 69 हजार 614 हो गई थी. इस सूची में 13 लाख 70 हजार 2 पुरुष, 11 लाख 99 हजार 520 महिला और 92 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल थे. प्रारूप सूची के बाद निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक अगस्त से एक सितंबर तक दावा-आपत्तियां मांगी गईं. जिसे बाद में कोर्ट के आदेश पर 25 सितंबर तक बढ़ाया गया. जानकारी के अनुसार इस अवधि में कुल 71,824 आवेदन प्राप्त हुए. इसमें 32,360 प्रपत्र-6 (नया नाम जोड़ने के लिए), 28,053 प्रपत्र-7 (नाम हटाने के लिए) और 11411 प्रपत्र-8 (विवरण सुधार के लिए) शामिल थे. निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा सभी आवेदनों पर सुनवाई और निष्पादन 25 सितंबर तक पूरा कर लिया गया. इसके बाद मंगलवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया. अंतिम प्रकाशन के बाद जिले में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 26 लाख 10 हजार 482 हो गई है, जिसमें 13 लाख 94 हजार 521 पुरुष, 12 लाख 15 हजार 871 महिला और 90 तृतीय लिंग के मतदाता दर्ज किए गए हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने इस अवसर पर जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उन्हें अंतिम मतदाता सूची सौंपी. जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण प्रक्रिया की पूरी जानकारी साझा की और आगामी चुनावों को देखते हुए मतदाता सूची की पारदर्शिता पर जोर दिया. उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और अपात्र नाम हटाए जाएं. डीएम ने कहा कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आगामी चुनावी प्रक्रिया का अहम पड़ाव है और इसके आधार पर ही जिले में लोकतांत्रिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. बता दें कि प. चंपारण जिले में कुल 9 विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनकी अंतिम निर्वाचक नामावली अब निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और संबंधित बीएलओ के पास उपलब्ध है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >