Bagaha Liquor Seizure: जिला में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत धनहा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने सघन वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध ऑटो से भारी मात्रा में छिपाकर लाई जा रही 180 लीटर विदेशी (अंग्रेजी) शराब बरामद की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से ही एक शराब तस्कर को दबोच लिया है. इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ऑटो और एक मोबाइल फोन को भी पूरी तरह जब्त कर लिया गया है.
धनहा चेक पोस्ट पर यूपी से आ रहे ऑटो से मिली खेप
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस जिला में अपराध नियंत्रण और शराब माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में धनहा थाना पुलिस द्वारा धनहा-रतवल गौतम बुद्ध सेतु स्थित धनहा चेक पोस्ट पर मुस्तैदी के साथ सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से बिहार की सीमा में प्रवेश कर रहे एक संदिग्ध ऑटो को रोककर जब उसकी बारीकी से तलाशी ली गई,तो उसमें छिपाकर रखी गई कुल 180 लीटर अंग्रेजी शराब की खेप बरामद हुई.
आरोपी को भेजा गया जेल,पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि मौके से गिरफ्तार किए गए शराब तस्कर की पहचान रामप्रीत कुमार गुप्ता के रूप में की गई है. पुलिस ने बरामद विदेशी शराब और ऑटो को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है. इस मामले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी से गहन पूछताछ की गई है. पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी तस्कर को न्यायिक हिरासत में बगहा भेज दिया गया है. पुलिस अब इस अंतरप्रांतीय शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य धंधेबाजों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
