Begusarai News : बछवाड़ा थाना क्षेत्र की दादूपुर पंचायत के वार्ड संख्या एक स्थित जीत बाजितपुर गांव में शुक्रवार को मजदूर बिट्टू पासवान उर्फ पिंटू पासवान का शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. शव पहुंचने की खबर मिलते ही मृतक के घर पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गयी. पूरे इलाके में शोक की लहर है.
अरवल में राजमिस्त्री का काम करता था बिट्टू
मृतक की पहचान हीरालाल पासवान के 27 वर्षीय पुत्र बिट्टू पासवान उर्फ पिंटू पासवान के रूप में हुई है. स्थानीय वार्ड सदस्य रणधीर कुमार और मृतक के साथियों के अनुसार बिट्टू अरवल में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था. गुरुवार को अचानक उसके पेट में तेज दर्द उठा. इसके बाद साथियों ने उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.
Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
मौत की वजह पर उठे सवाल, परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका
एक ओर मृतक के साथी पेट दर्द के कारण मौत होने की बात बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर परिजनों ने बिट्टू की हत्या किए जाने की गंभीर आशंका जतायी है. परिजनों का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो सकेगी. घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं.
दो बेटों और नवजात बेटी को छोड़ गया पीछे
ग्रामीणों ने बताया कि बिट्टू अपने पीछे दो पुत्र और एक नवजात पुत्री छोड़ गया है. बड़ा पुत्र ऋतिक छह वर्ष और दूसरा पुत्र रोहन तीन वर्ष का है, जबकि बेटी का जन्म करीब एक माह पहले हुआ था. परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों के सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है.
जनप्रतिनिधियों ने की मुआवजे की मांग
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी. उन्होंने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को अविलंब उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि परिवार को आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिल सके.
Also Read : बेगूसराय के नावकोठी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 25 दिनों का टेक होम राशन वितरित
