बेगूसराय के बरौनी थाना क्षेत्र में महिला सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है. सब ग्रिड बिजली कार्यालय में तकनीकी कोटि-3 के पद पर कार्यरत एक महिला कर्मचारी के साथ कार्यालय जाने के दौरान एक अज्ञात बदमाश द्वारा छेड़छाड़ और बदसलूकी की घटना को अंजाम दिया गया. यह शर्मनाक घटना 18 सितंबर की सुबह की बताई जा रही है.
हालांकि, पुलिस ने इस मामले में लिखित शिकायत मिलने के दो दिन बाद यानी 20 सितंबर को थाना कांड संख्या 148/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है, लेकिन घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ पूरी तरह खाली हैं और आरोपी युवक की पहचान तक नहीं की जा सकी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता बरौनी थाना क्षेत्र के पिपरा देवस स्थित अपने किराए के मकान से रोजाना की तरह सोमवार सुबह अपने घर से निकली थीं और बरौनी प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित सब ग्रिड बिजली ऑफिस जा रही थीं. अभी वह ऑफिस से महज 200 मीटर पहले आम गाछी के पास पहुंची ही थीं कि करीब 18-20 वर्ष के एक अज्ञात युवक ने उन्हें घेर लिया.
विरोध करने पर सड़क किनारे गड्ढे में दिया धक्का
आरोपी युवक ने पीड़िता के साथ आपत्तिजनक हरकत और बदसलूकी करते हुए हाथापाई शुरू कर दी तथा उन्हें जबरन सड़क किनारे गड्ढे में धक्का दे दिया और जोर-जबरदस्ती करने लगा. अपनी अस्मिता की रक्षा के लिए पीड़िता ने पूरी हिम्मत दिखाते हुए तुरंत जोर-जोर से 'बचाओ-बचाओ' की आवाज लगाई.
इसी दौरान आसपास के खेतों में काम करने के लिए जा रहे कुछ स्थानीय किसान महिला की चीख-पुकार सुनकर तेजी से मौके की ओर दौड़े. अपनी तरफ स्थानीय लोगों को आता देख वह दबंग बदमाश महिला को छोड़कर तुरंत मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने बरौनी थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया और न्याय की गुहार लगाई. हालांकि, आरोप है कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करने की बजाय मामला दर्ज करने में दो दिन का लंबा समय लगा दिया.
सूने रास्तों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग
इस पूरे मामले को लेकर बरौनी थाना पुलिस का कहना है कि महिला द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. घटना से जुड़े सभी बिंदुओं, तकनीकी साक्ष्यों और संभावित आने-जाने वाले रास्तों की बारीकी से जांच की जा रही है. आरोपी युवक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लोगों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
वहीं, स्थानीय लोगों की मानें तो चौर की ओर जाने वाली उक्त सड़क अधिकांश समय सुनसान ही रहती है. इस वजह से यहां मनचलों और सूखा नशा करने वाले असामाजिक तत्वों की आवाजाही आए दिन बनी रहती है.
इस सनसनीखेज घटना के बाद से चौर के रास्ते खेतों में काम करने जाने वाली महिलाओं में भारी भय और दहशत का माहौल व्याप्त है. स्थानीय बिजली कर्मियों और नागरिकों ने भी पुलिस प्रशासन से आरोपी को जल्द से जल्द चिन्हित कर उसकी त्वरित गिरफ्तारी की मांग की है.
