Begusarai News : बछवाड़ा रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 5 पर गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना की जानकारी मिलते ही राजकीय रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी. मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है.
पुलिसकर्मी ने वरीय अधिकारियों को दी सूचना
प्लेटफॉर्म पर तैनात पुलिसकर्मी ने एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा. इसके बाद घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गयी. सूचना मिलते ही राजकीय रेल पुलिस के थानाध्यक्ष मनीष कुमार मधुकर और रेलवे सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर सुनील कुमार पांडे अन्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की तहकीकात शुरू की.
चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित किया
पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बछवाड़ा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार को घटना की जानकारी दी, ताकि युवक के मृत होने अथवा बेहोश होने की पुष्टि की जा सके. सूचना मिलने पर डॉ. मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद राजकीय रेल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की.
Also Read : औरंगाबाद के ओबरा में बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण, विद्युत कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस खुलने के बाद दिखा युवक
रेल थानाध्यक्ष मनीष कुमार मधुकर ने बताया कि सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म संख्या 5 से खुलने के बाद एक युवक को तपती धूप में प्लेटफॉर्म पर सोया हुआ देखा गया. सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक अचेत अवस्था में मिला. चिकित्सीय जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया.
करीब 35 वर्ष बतायी जा रही मृतक की उम्र
रेल पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बतायी जा रही है. वह नीले रंग का लोअर और कत्थई रंग की टी-शर्ट पहने हुए था. हालांकि, काफी प्रयास के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो सकी है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
राजकीय रेल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ ही उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
Also Read : पृथ्वीराज चौहान स्मृति भवन पहुंचे एमएलसी संजय कुमार सिंह, प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
