Begusarai News : राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के प्रभावी क्रियान्वयन और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता सुधार गतिविधियों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बखरी के सभागार में साक्षी पोर्टल पर एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं हैंडहोल्डिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार सिंह ने की.
स्वास्थ्यकर्मियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
कार्यशाला में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक सुरेंद्र कुमार, प्रखंड सामुदायिक प्रबंधक रतन कुमार, सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ), एएनएम तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया. प्रशिक्षण सत्र का संचालन पिरामल फाउंडेशन के सीनियर प्रोग्राम लीडर जयंत चौधरी ने किया.
साक्षी पोर्टल की कार्यप्रणाली की दी गई विस्तृत जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को साक्षी पोर्टल के उद्देश्य, लॉग-इन प्रक्रिया, डिजिटल असेसमेंट, साक्ष्य अपलोड, गैप विश्लेषण, गुणवत्ता संकेतकों की निगरानी तथा ऑनलाइन रिपोर्टिंग प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही पोर्टल के प्रभावी उपयोग के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण और हैंडहोल्डिंग सपोर्ट भी प्रदान किया गया.
गुणवत्ता सुधार और डिजिटल दस्तावेजीकरण पर हुई चर्चा
कार्यशाला में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों के मूल्यांकन की तैयारी, गुणवत्ता सुधार गतिविधियों का डिजिटल दस्तावेजीकरण, साक्ष्यों का सुव्यवस्थित संधारण, गैप की समयबद्ध पहचान तथा सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. बताया गया कि साक्षी पोर्टल के माध्यम से स्वास्थ्य संस्थानों की गुणवत्ता संबंधी गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग, मूल्यांकन और प्रगति की ऑनलाइन समीक्षा अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से की जा सकेगी.
गुणवत्ता सुधार में पोर्टल की होगी अहम भूमिका
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार सिंह ने कहा कि साक्षी पोर्टल गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है. इसके नियमित उपयोग से स्वास्थ्य संस्थानों की तैयारियों का समयबद्ध आकलन संभव होगा और गुणवत्ता मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सकेगा.
प्रतिभागियों की शंकाओं का किया गया समाधान
प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक सुरेंद्र कुमार ने कहा कि साक्षी पोर्टल मूल्यांकन की तैयारियों को व्यवस्थित और साक्ष्य-आधारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. कार्यशाला के समापन पर स्वास्थ्यकर्मियों ने पोर्टल के उपयोग से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से समाधान किया गया.
Also Read : हरनौत में 10 अगस्त से चलेगा मेगा पौधारोपण अभियान, 16 पंचायतों में लगाए जाएंगे 2,400 पौधे
