Begusarai News: बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर पंचायत स्थित गौरवद्धा टोला वार्ड-10 में सोमवार की शाम आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गयी. इस मारपीट की घटना में एक ही परिवार के मासूम बच्चे समेत कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
सीएचसी में कराया गया इलाज
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया.
पीड़िता ने दर्ज कराया केस
घटना को लेकर पीड़ित पक्ष के गौरवद्धा टोला निवासी चरित्र यादव के पुत्र सुशील कुमार यादव ने खोदावंदपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.
पड़ोसियों पर मारपीट का आरोप
पीड़ित ने दिए गए आवेदन में अपने पड़ोसी राम सागर यादव की पत्नी अनीता देवी और उनकी पुत्री खुशबू कुमारी पर लाठी-डंडे से हमला कर परिवार के सदस्यों को लहूलुहान करने का सीधा आरोप लगाया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त हो गया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
