बीहट. गुरुवार की देर रात्रि जीरोमाइल गोलंबर के समीप सड़क किनारे की कई दुकानों को तोड़ती हुई एक वाॅल्वो बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी. गनीमत यह हुई कि यात्रियों की जान बच गयी, नहीं तो निश्चित रुप से जानमाल की क्षति होती. हालांकि इस घटना में यात्रियों को आंशिक रूप से चोटिल होने की बात कही जा रही है. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया. नाम नहीं छापने की शर्त पर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब एक बजे बेगूसराय की ओर से आ रही बस काफी रफ्तार में गोलंबर पर टर्न ले रही थी. उसी दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे की तीन दुकानों को क्षतिग्रस्त करते हुए गड्ढे में जा गिरी और रुक गयी.
हादसे में दुकानदारों की सात से आठ लाख के सामान की क्षति
बताया जा रहा है कि बस में काफी संख्या में यात्री सवार थे और रात होने की वजह से अधिकांश सोये हुए थे. घटना होते ही वहां चीख-पुकार मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बस के पिछले दरवाजे से उन्हें निकाला जा सका. वहीं इस घटना में भाड़े पर चल रही पिपरा के मो शकील की मोबाइल दुकान, शिवकुमार झा के चाय-नाश्ते की दुकान और विजय पौद्दार की ठेला पर लगने वाला लिट्टी-चोखा की दुकान सामान सहित बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गये. वहीं दुकानदारों की मानें तो करीब 7-8 लाख रुपये की क्षति हुई है. जीरोमाइल ओपी पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
