बेगूसराय: बरौनी में 13 वर्षीय किशोर की चाकू गोदकर हत्या के विरोध में सड़क जाम, आरोपी के नेपाल भागने की आशंका; FIR दर्ज

बरौनी में 13 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या के बाद लोगों ने सड़क जाम कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस मामले की जांच और छापेमारी में जुटी है।

Begusarai News: जिले के फुलवड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत आलू चट्टी रोड से विश्वकर्मा टोला जाने वाले मुख्य चौराहे पर सोमवार की शाम 13 वर्षीय किशोर मोहम्मद फैजान की दिनदहाड़े चाकू गोदकर की गई निर्मम हत्या के बाद मंगलवार को इलाके में भारी तनाव और आक्रोश फैल गया.

मंगलवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव बरौनी नगर परिषद के शोकहरा-एक, रौशन टोला (वार्ड संख्या 16) स्थित घर पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया. रोते-बिलखते परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने फुलवड़िया बाजार के मुख्य मार्ग पर बांस-बल्ले लगाकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया.

आरोपी की गिरफ्तारी और फांसी की मांग पर अड़े ग्रामीण, 1 घंटे बाद हटा जाम

सड़क जाम कर रहे ग्रामीण और परिजन नामजद आरोपी मोहम्मद आशिक उर्फ गणेश की अविलंब गिरफ्तारी और उसे फांसी जैसी कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे थे. प्रदर्शन के कारण मुख्य बाजार में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा. सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को निष्पक्ष जांच और त्वरित गिरफ्तारी का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ.

पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज, आरोपी के नेपाल भागने की आशंका

सड़क जाम करते मृतक के परिजन व ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

मृतक के पिता मोहम्मद अफजल के लिखित बयान पर फुलवड़िया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राथमिकी में मोहल्ले के ही मरहूम मो. निजाम उर्फ खखरू के पुत्र मो. आशिक उर्फ गणेश (उम्र करीब 25 वर्ष) को नामजद अभियुक्त बनाया गया है.

फुलवड़िया थानाध्यक्ष विजय सहनी ने बताया कि हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया है. सूत्रों के अनुसार, आरोपी नेपाल भागने की फिराक में है, जहां वह पूर्व में फल का कारोबार करता था. आरोपी के आपराधिक इतिहास और सूखा नशा (ड्रग्स) के कारोबार में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.

SP और DSP ने घटनास्थल का लिया जायजा, लगातार छापेमारी जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय एसपी मनीष, डीएसपी कृष्ण कुमार और थानाध्यक्ष विजय सहनी ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस की कई विशेष टीमें संभावित ठिकानों और सीमावर्ती इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही हैं.

सड़क जाम करते मृतक के परिजन व ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

5 दिनों में 2 हत्याओं से कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

फुलवड़िया और बरौनी क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं, हत्या, छिनतई और अवैध नशे के कारोबार को लेकर स्थानीय लोगों में भारी दहशत और रोष है. महज 5 दिनों के भीतर 2 हत्याओं की वारदात सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों ने इलाके में प्रतिबंधित लॉटरी, सूखे नशे के धंधे और चाय की गुमटियों पर लगने वाले असमाजिक तत्वों के जमावड़े पर सख्त पुलिसिया कार्रवाई की मांग की है.

Also Read: बेगूसराय: सीनियर गवर्मेंट काउंसिल अमरेंद्र कुमार अमर पर FIR से वकीलों में उबाल, अधिवक्ता संघ ने SP को भेजा स्मार पत्र


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नीरज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >