बीहट. मध्य विद्यालय,बीहट में आयोजित क्रिएटिव विजन कार्यक्रम की तीसरी कड़ी में उच्च शिक्षा के प्रतिष्ठित संस्थानों की जानकारी पर केंद्रित इस विशेष सत्र में कक्षा सात और आठ के 40 विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान, आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया. विशेष बाल सभा के दौरान आयोजित प्रातः कालीन चेतना सत्र में विद्यार्थियों ने देश भर की 40 केंद्रीय और राज्य विश्वविद्यालयों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं.
देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों के इतिहास की जानकारी की गयी साझा
इन प्रस्तुतियों में विश्व भारती विश्वविद्यालय शांतिनिकेतन, नालंदा अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय सहित देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों की इतिहास, शैक्षिक उपलब्धियों और प्रवेश प्रक्रियाओं पर सार गर्भित जानकारी साझा की गयी. मौके पर उपस्थित विशिष्ट अतिथि तेघड़ा व बखरी अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी के रूप में नवपदस्थापित समित कुमार सुमन और निशांत आनंद ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की. उन्होंने कहा प्रारंभिक स्तर के छात्र विद्यालय के प्रधान रंजन कुमार और अन्य शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन में देश के शीर्ष विश्वविद्यालयों के बारे में इतनी गहराई से समझ विकसित कर रहे हैं. इससे उनके लिए भविष्य में उच्च शिक्षा के लिए लक्ष्य तय करना सरल होगा.दोनों अधिकारियों ने विद्यालय में संचालित नवाचारी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा बिपार्ड में अपने प्रशिक्षण के दौरान हमने इस विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों के बारे में दिखाए गए डॉक्यूमेंट्री एवं उच्च पदस्थ अधिकारियों की चर्चा में देखा सुना था, लेकिन आज इसे प्रत्यक्ष रूप से देखकर और भी अच्छा लगा. कार्यक्रम का सफल संयोजन और संचालन वरिष्ठ स्नातक शिक्षिका अनुपमा सिंह ने किया.इसके पूर्व विद्यालय के प्रधान रंजन कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि क्रिएटिव विजन का उद्देश्य छात्रों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर, उन्हें उच्च शिक्षा की संभावनाओं और अवसरों से जोड़ना है. इससे विद्यार्थी अपने भविष्य के शैक्षिक लक्ष्यों को प्रारंभिक अवस्था में ही स्पष्ट कर सकेंगे. इस अवसर पर कक्षा के छात्र अंकित, अर्णव, रवीश, कीर्ति, राधा गुड़िया, तेजस्विनी, शारदा, रीत, रोशनी, सुहानी, रश्मि, सुप्रिया, वैष्णवी, राधा, सोनम, खुशी, प्रीति, अंशिका, प्रिया, छोटी, ऋषिका, आकांक्षा और अभिषेक तथा कक्षा सात से रोहित, शिवम, उजाला, लक्ष्मी, राधिका, मुस्कान, सोनाक्षी, परिधि, आंचल और तन्नू ने शानदार प्रस्तुति दी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
