Begusarai News : बाबा हरिगिरिधाम न्यास समिति, गढ़पुरा की ओर से शुक्रवार को श्रावणी मेला के सफल समापन के अवसर पर समापन सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में सिमरिया से लेकर बाबा हरिगिरिधाम मंदिर तक श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा, सफाई एवं मेला व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विभिन्न सेवा शिविरों के व्यवस्थापकों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों, अंचल कर्मियों, नागरिक सुरक्षा कर्मियों, स्थानीय युवाओं, वॉलेंटियर्स एवं अन्य सहयोगियों को सम्मानित किया गया.
सामूहिक प्रयास से मेला हुआ शांतिपूर्ण और सफल
समारोह के दौरान बाबा हरिगिरिधाम न्यास समिति के अध्यक्ष सह बखरी एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ ने सभी सम्मानित लोगों को सम्मान पत्र प्रदान कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला जैसे बड़े धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सफल बनाने में प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोगों, युवाओं, स्वयंसेवकों और सेवा शिविरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही. सभी के सामूहिक प्रयास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षित वातावरण देने में सफलता मिली.
सेवा, सहयोग और समर्पण ही बाबा हरिगिरिधाम की पहचान
एसडीएम ने कहा कि सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना ही बाबा हरिगिरिधाम की पहचान है. मेला के दौरान दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्था में जुटे प्रत्येक व्यक्ति का योगदान सराहनीय है. न्यास समिति की ओर से ऐसे सभी लोगों को सम्मानित करना उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है.
पुलिसकर्मी, अंचल कर्मी और वॉलेंटियर्स भी हुए सम्मानित
समारोह में इंस्पेक्टर राम कुमार सिंह, गढ़पुरा थानाध्यक्ष राहुल कुमार, न्यास समिति के सचिव विकास सिंघानिया, दीपांशु सहित न्यास समिति के सदस्य, पुलिसकर्मी, अंचल कर्मी, सेवा शिविरों के संचालक, स्थानीय युवा, वॉलेंटियर्स एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम का मंच संचालन न्यास समिति के सदस्य कमल किशोर झा ने किया.
सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति जताया आभार
समारोह के अंत में न्यास समिति की ओर से श्रावणी मेला के दौरान प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया. समिति ने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा और मेला व्यवस्था में सहयोग करने वाले सभी लोगों के योगदान से आयोजन को सफल बनाने में मदद मिली.
Also Read : जनता दरबार में पहुंचे 24 आवेदन, डीएम ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का दिया निर्देश
