बेगूसराय के बाबा हरिगिरिधाम श्रावणी मेले की तैयारी तेज, पंचायतवार नोडल पदाधिकारी और महिला वॉलेंटियर होंगे तैनात

बेगूसराय के बाबा हरिगिरिधाम में आगामी श्रावणी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं. मेले को व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिनमें पंचायतवार नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति और महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला वॉलेंटियर शामिल हैं. मंदिर परिसर में नशीले पदार्थों पर रोक और भीड़ नियंत्रण के लिए सेक्टर में बांटने का भी फैसला लिया गया है.

Baba Harigiridham Shravani Mela Preparation Begusarai : बेगूसराय के गढ़पुरा स्थित बाबा हरिगिरिधाम में आगामी श्रावणी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं. बुधवार देर शाम बाबा हरिगिरिधाम न्यास की आम बैठक में मेले को व्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक की अध्यक्षता बखरी एसडीएम एवं न्यास अध्यक्ष सन्नी कुमार सौरभ ने की.

Begusarai News : हर पंचायत में बनेगी 20 लोगों की टीम

एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ ने बताया कि इस बार श्रावणी मेले के सफल संचालन के लिए पंचायतवार नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे. प्रत्येक पंचायत में कम से कम 20 सक्रिय लोगों की टीम बनाई जाएगी, जो मेले के दौरान अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगी. वहीं खोया-पाया केंद्र पर भी अलग-अलग समय के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी.

महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला वॉलेंटियर

बैठक में निर्णय लिया गया कि युवाओं के साथ-साथ युवतियों और जीविका समूह की महिलाओं को भी वॉलेंटियर के रूप में जोड़ा जाएगा. गर्भगृह में जलाभिषेक के दौरान महिला श्रद्धालुओं की व्यवस्था महिला स्वयंसेवकों के जिम्मे रहेगी. महिला कतार में केवल महिलाओं को ही प्रवेश मिलेगा और बिना कतार के किसी को भी जलाभिषेक की अनुमति नहीं दी जाएगी.

मंदिर परिसर में गुटखा और नशीले पदार्थों पर रोक

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर में गुटखा और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा पंडाल निर्माण की निगरानी के लिए अलग कोषांग का गठन किया गया है, जो सभी व्यवस्थाओं पर नजर रखेगा.

भीड़ नियंत्रण के लिए मेला क्षेत्र को बांटा जाएगा सेक्टर में

बैठक में पंचायत समिति सदस्य शिव नारायण ने सुझाव दिया कि ड्यूटी के दौरान कर्मियों की अनुपस्थिति से बचने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टर में विभाजित किया जाए. इस पर सहमति बनी और प्रत्येक सेक्टर में अलग टीम तैनात कर उनकी जवाबदेही तय करने का निर्णय लिया गया. साथ ही स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर भंडारे आयोजित कराने और पार्किंग स्थलों की नियमित निगरानी का भी फैसला लिया गया.

बैठक में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में प्रखंड प्रमुख अमोल देवी, थानाध्यक्ष राहुल कुमार, न्यास के सचिव विकास कुमार सिंघानिया, कोषाध्यक्ष शशिकांत प्रसाद वर्मा, कमल किशोर झा, दीपांशु कुमार पुष्पम, संजीत चौधरी, अरबिंद वर्मा, मोती पासवान, पंकज शर्मा, सरपंच प्रतिनिधि दिलीप शर्मा, पिंकी देवी सहित न्यास समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Shshikant kumar

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >