Begusarai News : सावन माह में लाखों श्रद्धालुओं और कांवरियों की सेवा में जुटे नगर परिषद बीहट के 50 से अधिक सफाई कर्मियों को युवा उप मुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर उन्होंने सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें नगर की स्वच्छता व्यवस्था का वास्तविक नायक बताया.
स्वच्छता बनाए रखने में निभाई अहम भूमिका
ऋषिकेश कुमार ने कहा कि जब अधिकांश लोग अपने घरों में आराम कर रहे होते हैं, तब सफाईकर्मी सुबह से देर रात तक सड़कों, घाटों और कांवरिया पथ को स्वच्छ रखने में जुटे रहते हैं. सावन माह के दौरान सफाई कर्मियों ने बिना किसी शिकायत के श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार कार्य किया. उनकी मेहनत और समर्पण के कारण कांवरियों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित मार्ग उपलब्ध हो सका.
सफाई कर्मी समाज के स्वास्थ्य के भी प्रहरी
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी केवल कचरा उठाने का काम नहीं करते, बल्कि पूरे समाज को स्वच्छ और स्वस्थ रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं. उनके श्रम और समर्पण का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि नगर परिषद बीहट के सफाई कर्मियों ने सावन मेले के दौरान जिस निष्ठा और लगन से कार्य किया है, वह सराहनीय है.
Also Read : बड़ेम पुलिस की कार्रवाई, कार से 378 लीटर झारखंड निर्मित शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
अन्य सफाई कर्मियों को भी किया जाएगा सम्मानित
उप मुख्य पार्षद ने बताया कि यह सम्मान कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा. नगर परिषद के अन्य सफाई कर्मियों को भी चरणबद्ध तरीके से सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने सभी सफाई कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता और सुंदरता के पीछे इनका अमूल्य योगदान है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता.
कार्यक्रम में कई लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर पवन महतो, नरेश मल्लिक, रोहित मल्लिक, सौरभ कुमार, राजू कुमार, नीतीश कुमार, आक्रोश कुमार, शोभा देवी, प्रियंका देवी, रीना देवी, पप्पू मल्लिक, काला देवी, काजल देवी, रेणु देवी, दिलो मल्लिक, रामचंद्र मल्लिक, सोनू कुमार सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे.
Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
