बेगूसराय: मंसूरचक में घर में घुसकर लूटपाट का आरोप, विरोध करने पर बुजुर्ग समेत कई लोगों की पिटाई

बेगूसराय के मंसूरचक में लूटपाट की बड़ी घटना सामने आई है। बदमाशों ने घर में घुसकर लाखों के जेवरात लूटे और विरोध करने पर बुजुर्ग समेत परिवार के सदस्यों को बेरहमी से पीटा। पुलिस जांच में जुटी है।

Begusarai News: बेगूसराय जिले के मंसूरचक प्रखंड के साठा पंचायत स्थित वार्ड संख्या 10 में कुछ लोगों ने एक राय होकर 70 वर्षीय वयोवृद्ध देवेन्द्र चौधरी के घर पर अचानक धावा बोलकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. विरोध करने पर बदमाशों ने गृहस्वामी सहित परिवार के सदस्यों को पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के संबंध में पीड़ित देवेन्द्र चौधरी ने मंसूरचक थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है.

घर में घुसकर जेवरात की लूट और मारपीट

पीड़ित देवेन्द्र चौधरी ने बताया कि वे शाम करीब पांच बजे अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे, तभी पड़ोसी समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र स्थित अजनौल गांव का सन्नी चौधरी 10-12 अन्य बदमाशों के साथ हथियारों से लैस होकर पहुंचा और जबरन घर में घुस गया. बदमाशों ने घर में मौजूद महिलाओं के कीमती सोने के जेवरात लूट लिए. जब परिजनों ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की. इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे पुत्र धर्मेंद्र चौधरी को भी बदमाशों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया, जिन्हें गंभीर स्थिति में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद मंसूरचक थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. मंसूरचक थानाध्यक्ष गोविंद कुमार पांडेय ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 124/26 दर्ज कर प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल सभी दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: पंकज झा

Published by: Vikash Jha

पंकज झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >