बेगूसराय. बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर महाकुंभ मेला के अवसर पर आवागमन करने वाले यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था संधारण का एसपी मनीष एवं डीडीसी ने निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा एवं स्टेशन प्रबंधक अशोक कुमार भी उपस्थित थे. सभी पदाधिकारियों द्वारा बेगूसराय रेलवे स्टेशन परिसर का निरीक्षण करते हुए भीड़ प्रबंधन की मौजूदा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गयी. इस दौरान रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने, ट्रेन के ठहराव के समय प्लेटफाॅर्म पर यात्रियों के ट्रेन में चढ़ने-उतरने समय रेलवे प्रशासन को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया. इस दौरान एसपी मनीष ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन के लिए सर्वोपरि है और इसमें सतर्कता निहायत जरूरी है. दिल्ली की घटना से सबक लेते हुए जानकारी दी गयी की अभी राज्य के प्रायः सभी स्टेशनों पर कुंभ जाने वाले यात्रियों की अत्यधिक भीड़ हो रही है. परिणामस्वरूप जिला प्रशासन-राज्य सरकार द्वारा पर्याप्त व्यवस्था के बाबजूद, अत्यधिक भीड़ के कारण असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है. इसलिए उक्त बिंदु को दृष्टि में रखते हुए सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से फिलहाल यात्रा से बचने की एवं जनहित में भीड़ कम होने पश्चात कुंभ यात्रा की सलाह दी जाती है. महाकुंभ के अवसर पर भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी की तीन पालियों में प्रतिनियुक्ति की गयी है. बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के वरीय प्रभार में अनुमंडल पदाधिकारी बेगूसराय सदर रहेंगे.
यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं
होगा
सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि प्रयागराज जाने एवं वापस लौटने वाले ट्रेनों में लाइनवार यात्रियों को चढ़ायेंगे व उतारने में मदद करेंगे. साथ ही अपनी टीम के साथ लगातार प्लेटफाॅर्मों का निरीक्षण करते रहेंगे, ताकि किसी भी तरीके की अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके. वहीं, पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रायः देखा जा रहा है कि बेगूसराय स्टेशन पर यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार की घटना सामने आ रही है. इसलिए जीआरपी के पुलिसकर्मी व स्वयं थानाध्यक्ष को अंतिम चेतावनी दी जा रही है कि वह यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार बनाये रखें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
