Begusarai News: बेगूसराय जिले के बखरी थाना पुलिस ने अपहरण के एक मामले का सफल उद्भेदन करते हुए राजस्थान से अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. इस कार्रवाई को बखरी पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
तकनीकी सर्विलांस के जरिए राजस्थान में मिला आरोपी का सुराग
जानकारी के अनुसार, बखरी थाना कांड संख्या 66/25 के तहत दर्ज अपहरण के मामले में पुलिस लगातार छानबीन कर रही थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव के नेतृत्व में जांच तेज की गई. तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस को आरोपी के राजस्थान में छिपे होने की सटीक जानकारी मिली.
दौसा जिले में छापेमारी कर युवती बरामद, आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही विक्रम चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर राजस्थान रवाना किया गया. टीम ने राजस्थान के दौसा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सेथल पुलिया के समीप छापेमारी कर अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर लिया. वहीं, मौके से बखरी के गोढ़ियारी निवासी शंभू पासवान के पुत्र आरोपी बादल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी, युवती का कोर्ट में कराया जाएगा बयान
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि बरामद युवती को न्यायालय में बयान (164 के तहत) दर्ज कराने की प्रक्रिया के लिए भेजा गया है. उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े मामलों में त्वरित व सख्त कार्रवाई करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. बखरी पुलिस की इस तत्परता और सफलता की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है.
