बेगूसराय के वीरपुर थाना क्षेत्र के यूको बैंक चौक के नजदीक स्थित एक घर के एक कमरे से पुलिस ने शुक्रवार को चार माह की गर्भवती महिला का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद किया है. इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
हैरानी की बात यह है कि घटना की भनक लगते ही मृतका के घर के सभी लोग मौके से फरार हो गए. मृतका की पहचान वीरपुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड संख्या 5 निवासी रामवली यादव के पुत्र नीतीश कुमार की 19 वर्षीय पत्नी मनीषा कुमारी के रूप में की गई है.
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के गले और चेहरे पर जख्म के गहरे निशान पाए गए हैं. स्थानीय ग्रामीणों ने दबी जुबान से आशंका जताई है कि महिला की हत्या करने के बाद उसके शव को दीवान पलंग पर रखकर ससुराल वाले फरार हो गए हैं.
छह महीने पहले हुई थी शादी, बहनोई ने उठाए गंभीर सवाल
घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे मृतका के बहनोई सह अगुआ (शादी कराने वाले) और चकिया थाना क्षेत्र के कसहा दियारा निवासी राजेश यादव ने पुलिस को बताया कि मृतका मनीषा कुमारी (पिता - स्व. रामविलास यादव, निवासी साफापुर-बगडोव, मटिहानी थाना क्षेत्र) की शादी मात्र छह महीने पूर्व ही हिंदू रीति-रिवाज के साथ नीतीश कुमार के साथ हुई थी.
आज उसी के बंद कमरे से उसका शव बरामद किया गया है. उन्होंने यह भी बताया कि मृतिका का नैहर पक्ष बेहद गरीब है, जिसके कारण हम सभी बहनोइयों ने मिलकर ही आपसी सहयोग से मनीषा की शादी वीरपुर में कराई थी.
बहनोई राजेश यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मृतिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या की होती, तो उसका शव जमीन पर कैसे उतरा और घटना के बाद से घर के सभी सदस्य क्यों फरार हैं.
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम को लेकर असमंजस
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार और अपर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार अपने दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विभिन्न बिंदुओं पर गहन छानबीन शुरू कर दी है.
हालांकि, समाचार प्रेषण तक मृतिका के बहनोई व स्थानीय जनप्रतिनिधि शव का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर रहे थे.
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह और मामले की पूरी सच्चाई का वास्तविक खुलासा हो सकेगा. पुलिस फरार ससुराल वालों की तलाश कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
