बेगूसराय में प्रगतिशील लेखक संघ यानी प्रलेस की नवनिर्वाचित कार्यसमिति की बैठक वार्ड पार्षद सदस्य सह जिला प्रलेस कोषाध्यक्ष शगुफ्ता ताजवर के आवास पर आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष एवं पूर्व प्राचार्य डॉ सीताराम प्रभंजन ने की. इस दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों, पिछले जिला सम्मेलन की समीक्षा और साहित्यिक कार्यक्रमों को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिये गये.
बैठक में नवनियुक्त सचिव राजकिशोर सिंह ने संगठन से जुड़ी अपनी रिपोर्ट पेश की. इसके बाद 31 जुलाई को आयोजित 12वें जिला सम्मेलन की विस्तार से समीक्षा की गयी. सम्मेलन से जुड़े कार्यों और व्यवस्थाओं पर उपस्थित सदस्यों ने अपनी राय रखी.
सम्मेलन के आय-व्यय का दिया गया ब्योरा
12वें जिला सम्मेलन के संयोजक राम कुमार सिंह ने सम्मेलन के आय-व्यय का पूरा हिसाब बैठक में प्रस्तुत किया. सदस्यों ने सम्मेलन के आयोजन और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की.
बैठक में जिला प्रलेस की साहित्यिक गतिविधियों को लगातार सक्रिय रखने पर भी जोर दिया गया. सदस्यों ने कहा कि संगठन की ओर से नियमित साहित्यिक आयोजन होने से जिले के रचनाकारों को अपनी बात रखने और एक-दूसरे की रचनाओं पर संवाद करने का अवसर मिलेगा.
महीने के अंतिम रविवार को होगी साहित्यिक गोष्ठी
बैठक में प्रगतिशील लेखक संघ की मासिक गोष्ठी को दोबारा शुरू करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया. तय किया गया कि प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को अनुमंडल, प्रखंड और पंचायत स्तर पर स्थान का चयन कर गोष्ठी आयोजित की जायेगी.
इन गोष्ठियों में पुस्तक समीक्षा के साथ कविता और कहानी पर चर्चा की जायेगी. इसके अलावा स्थानीय रचनाकारों की साहित्यिक गतिविधियों और उनकी रचनाओं को भी चर्चा का हिस्सा बनाया जायेगा. संगठन का उद्देश्य साहित्य से जुड़े लोगों को नियमित रूप से एक मंच उपलब्ध कराना है.
जिले के कवियों की रचनाओं का नया संग्रह होगा प्रकाशित
बैठक में प्रगतिशील लेखक संघ के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व विधायक राजेन्द्र राजन ने जिले के कवियों की रचनाओं के प्रकाशन का प्रस्ताव रखा. उन्होंने कहा कि पूर्व में प्रगतिशील लेखक संघ की जिला इकाई की ओर से जिले के कवियों की रचनाओं का संग्रह 'स्वर संकेत' नामक पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया गया था.
नवादा में कचरा प्रबंधन की खुली पोल, 10 दिन से कचरा उठाव ठप; शहर की गलियों में लगा कचरे का अंबार
उन्होंने बताया कि उस संग्रह में शामिल करीब एक तिहाई रचनाकार अब इस दुनिया में नहीं हैं. ऐसे में पुराने संग्रह में प्रकाशित कविताओं के साथ वर्तमान समय के कवियों की रचनाओं को शामिल करते हुए एक नया संग्रह प्रकाशित किया जाना चाहिए. बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया.
नये संग्रह के प्रकाशन के लिए एक टीम का गठन भी किया गया. नरेन्द्र कुमार सिंह को संपादक की जिम्मेदारी दी गयी, जबकि डॉ सीताराम प्रभंजन, राजकिशोर सिंह और शगुफ्ता ताजवर को संपादक मंडल में शामिल किया गया.
गांधी जयंती समारोह में प्रलेस की होगी सहभागिता
बैठक में आगामी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर विप्लवी पुस्तकालय की ओर से आयोजित समारोह में प्रगतिशील लेखक संघ बेगूसराय की सहभागिता तय की गयी. यह कार्यक्रम संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जायेगा.
घर-घर घुसा बाढ़ का पानी, सड़कें हुई जलमग्न, छह दिन बाद भी बेगूसराय में नाव-सामुदायिक रसोई का का इंतजार कर रहे लोग
समारोह में देश के जाने-माने आलोचक डॉ गोपेश्वर सिंह मुख्य वक्ता होंगे. बैठक में सदस्यों ने कार्यक्रम की तैयारियों और संगठन की भागीदारी को लेकर भी चर्चा की.
बैठक में राजेन्द्र राजन, डॉ अनिल पतंग, डॉ रामरेखा सिंह, इंजीनियर कन्हाई पंडित, अमरनाथ सिंह, नरेन्द्र कुमार सिंह, राम कुमार सिंह, राजेन्द्र नारायण सिंह, कुंदन कुमारी, स्वाती गोदर, शगुफ्ता ताजवर, बुशरा नाजिर, अशोक कुमार, अमर शंकर झा, मनोरंजन विप्लवी और अमन कुमार शर्मा समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे.
