बेगूसराय: प्रधानमंत्री आवास योजना के कर्मियों को आठ माह से नहीं मिला मानदेय, आर्थिक संकट गहराया

बेगूसराय में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत काम करने वाले कर्मी आठ महीने से मानदेय न मिलने से गहरे आर्थिक संकट में हैं। भुखमरी की कगार पर पहुंचे परिवारों की वजह से बच्चों की पढ़ाई और इलाज प्रभावित हो रहा है।

Begusarai News: बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल प्रखंड क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कार्यरत कर्मियों को विगत आठ माह से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे उनके समक्ष गहरा आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. मानदेय न मिलने से नाराज कार्यपालक सहायकों, ग्रामीण आवास सहायकों, लेखपालों एवं आवास पर्यवेक्षकों में सरकार के प्रति भारी रोष व्याप्त है.

भुखमरी की कगार पर पहुंचे परिवार, पढ़ाई और इलाज प्रभावित

आवास कर्मी पंकज कुमार, ललित कुमार, राहुल कुमार, राजीव कुमार, गौतम कुमार आदि ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि वे सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार निष्ठापूर्वक कार्य कर रहे हैं. इसके बावजूद आठ महीनों से वेतन न मिलने के कारण उनके परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है. राशन, बच्चों की फीस, दवाओं का खर्च और यहां तक कि प्रतिदिन कार्यालय आने-जाने का किराया भी जुटाना मुश्किल हो गया है.

SNA स्पर्श ऐप की तकनीकी समस्या बनी रुकावट

कर्मियों ने बताया कि सरकार द्वारा 'एसएनए स्पर्श ऐप' (SNA Sparsh App) के माध्यम से मानदेय भुगतान की व्यवस्था की बात कही जाती है, परंतु पिछले छह माह से यह ऐप चालू ही नहीं हो सका है. इसके परिणामस्वरूप आवंटन उपलब्ध होने के बावजूद कर्मियों के खातों में मानदेय की राशि हस्तांतरित नहीं हो पा रही है. कर्मियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द तकनीकी समस्याओं को दूर कर बकाया मानदेय के भुगतान की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay kumar

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >