Begusarai News: बेगूसराय समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस दौरान डीएम ने विभिन्न विकास योजनाओं और लंबित मामलों की प्रगति का जायजा लेते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले के 102 चिन्हित भूमिहीन लाभुकों को शीघ्र वास-गीत पर्चा एवं भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. इनमें सर्वाधिक लाभार्थी बरौनी और बलिया प्रखंड के शामिल हैं.
खेल, शिक्षा और आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं में तेजी का निर्देश
बैठक में खेल और शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए गढ़पुरा प्रखंड के दुनही में 200 मीटर एथलेटिक ट्रैक युक्त फुटबॉल स्टेडियम निर्माण के लिए नए स्थल चयन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा बीपी इंटर विद्यालय परिसर में 50 शैय्या वाले अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास के लिए भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया. वहीं, सूर्यपुरा स्थित घाघरा बैंती नदी तथा आलापुर-पकठौल के बीच बलान नदी पर प्रस्तावित उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण हेतु भूमि सीमांकन और जगदीशपुर-तरबन्ना नया टोला पीसीसी सड़क की मापी रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए.
अन्न भंडारण, स्वच्छता और विद्युत आपूर्ति की समीक्षा
विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत मोहनपुर (5000 मीट्रिक टन), परिहारा (1000 मीट्रिक टन) तथा रसलपुर पैक्स (500 मीट्रिक टन) में गोदाम निर्माण हेतु भूमि सीमांकन व एनओसी की प्रक्रिया समय पर पूरी करने का आदेश दिया गया. लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत वीरपुर, नावकोठी व साहेबपुर कमाल में वेस्ट स्टेबलाइजेशन पॉन्ड निर्माण की समीक्षा के साथ जिले के 103 अक्रियाशील ई-रिक्शा और 471 पैडल रिक्शा की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए. वहीं साहेबपुर कमाल के समस्तीपुर व आकाशपुर में प्रस्तावित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के लिए एनओसी जल्द जारी करने को कहा गया.
न्यायालयीन मामलों और सहयोग शिविर के आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन
डीएम ने पटना उच्च न्यायालय में लंबित सीडब्ल्यूजेसी और एमजेसी मामलों में समय पर प्रतिशपथ पत्र (काउंटर एफिडेविट) दाखिल करने के निर्देश दिए. साथ ही, सहयोग शिविरों में प्राप्त सभी लंबित आवेदनों का समय पर निष्पादन कर आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने की बात कही. बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर और अपर समाहर्ता सहित जिले के अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे.
