बेगूसराय नगर निगम में छठे दिन भी सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी, शहर में नहीं उठा कचरा

बिहार लोकल बाडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा की राज्यव्यापी हड़ताल छठे दिन भी जारी रही. बेगूसराय नगर निगम में सफाई से लेकर कार्यालयी कार्य प्रभावित हैं. कर्मचारियों की तीन सूत्री मांगों में नियमितीकरण, आउटसोर्सिंग समाप्त करने और एसीपी-एमएसीपी योजना लागू करने की मांगें शामिल हैं.

Begusarai News: बिहार लोकल बाडीज एम्प्लाइज फेडरेशन के नेतृत्व में गठित बिहार लोकल बाडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा की राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को छठे दिन भी जारी रही. बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था से लेकर सभी कार्यालयी कार्य प्रभावित रहे. शहर के विभिन्न मोहल्लों से कचरे का उठाव नहीं होने के कारण जगह-जगह गंदगी का अंबार लग गया.

कार्यालय गेट पर धरना, मांगों के समर्थन में नारेबाजी

नगर निगम के कर्मचारी दिनभर कार्यालय गेट पर धरना-प्रदर्शन करते रहे और अपनी तीन सूत्री मांगों के समर्थन में नारेबाजी की. संघ के जिला अध्यक्ष गिरीश कुमार सिंह और महामंत्री दिलीप मल्लिक ने कहा कि वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, संविदा और अन्य अस्थायी कर्मचारियों की सेवाओं का नियमितीकरण किया जाए तथा उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.

आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने की मांग

कर्मचारियों ने नगर निकायों में लागू ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने की मांग उठाई. उनका कहना है कि जब तक यह व्यवस्था समाप्त नहीं होती, तब तक कर्मचारियों का वेतन सीधे नगर निकाय द्वारा उनके बैंक खातों में भेजा जाए. साथ ही समान कार्य के लिए समान वेतन और अन्य सेवा लाभ भी दिए जाएं.

एसीपी-एमएसीपी योजना लागू करने की मांग

संघ ने नगर निकाय कर्मचारियों को राज्य सरकार के अन्य कर्मचारियों की तरह एसीपी और एमएसीपी योजना का लाभ देने तथा बकाया राशि का भुगतान करने की भी मांग की. कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से पदोन्नति नहीं मिलने के कारण उनकी वेतन वृद्धि और सेवा प्रगति प्रभावित हुई है.

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी. उनका कहना है कि लगातार आंदोलन के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं होने के कारण नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों के कर्मचारी हड़ताल पर जाने को मजबूर हुए हैं.

Also Read: आज पूरे बिहार में गरज-चमक के साथ होगी बारिश, इन 10 जिलों में ज्यादा रहेगा प्रभाव, IMD की एडवाइजरी जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >