बेगूसराय: MLC चुनाव का शेड्यूल जारी, 29 सितंबर से नामांकन शुरू, जानें वोटिंग-मतदान की तारीख

बेगूसराय MLC चुनाव का शेड्यूल जारी: 29 सितंबर से शुरू होगा नामांकन, अक्टूबर में मतदान. बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए चुनाव की विस्तृत जानकारी पाएं.

Bihar MLC Election : बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव को लेकर बेगूसराय में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयी हैं. चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संभावित प्रत्याशियों की क्षेत्र में सक्रियता बढ़ गयी है. बेगूसराय में संभावित उम्मीदवार शिक्षक और स्नातक मतदाताओं से संपर्क साधने के साथ अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने की तैयारियों में लगे हैं.

बिहार में इस बार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल आठ सीटों के लिए चुनाव होना है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है. नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को होगी और 9 अक्टूबर तक अभ्यर्थी अपना नामांकन वापस ले सकेंगे. इसके बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो जाएगी.

23 अक्टूबर को होगा मतदान

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा. मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है. इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी और चुनाव परिणाम घोषित किये जाएंगे. चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गयी हैं.

शिक्षक और स्नातक मतदाताओं से संपर्क बढ़ा

बेगूसराय में भी एमएलसी चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों की चहलकदमी बढ़ गयी है. खासकर शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के बीच संपर्क अभियान तेज होने लगा है. विभिन्न राजनीतिक दलों के संभावित उम्मीदवारों के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी तैयारियों में जुटे हैं. पार्टियों की ओर से उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद चुनावी समीकरण और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है.

बेगूसराय दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा

बेगूसराय दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है. जिला प्रशासन की वेबसाइट के अनुसार बेगूसराय और खगड़िया के लिए स्नातक निर्वाचन क्षेत्र है, जबकि इस बार के व्यापक चुनाव कार्यक्रम में दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में बेगूसराय समेत अन्य जिले शामिल हैं.

नामांकन को लेकर प्रशासन ने शुरू की तैयारी

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद बेगूसराय जिला प्रशासन ने भी नामांकन प्रक्रिया को लेकर तैयारी शुरू कर दी है. नामांकन के दौरान विधि-व्यवस्था, प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही, आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था तथा चुनाव संबंधी अन्य तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कवायद की जा रही है.

अलग मतदाता समूह के बीच होगा चुनाव

स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सामान्य विधानसभा चुनाव से अलग मतदाता समूह होता है. ऐसे में प्रत्याशियों के लिए शिक्षक और स्नातक मतदाताओं तक सीधा संपर्क बनाना महत्वपूर्ण है. चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही क्षेत्र में बैठकों, जनसंपर्क और मतदाताओं से संवाद का दौर और तेज होने की संभावना है.

बिहार में इन आठ विधान परिषद सीटों के वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त होना है. इसी के मद्देनजर निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

बेगूसराय में भूमिहीन परिवारों को कैसे मिलेगी जमीन,जानें आवेदन से पर्चा मिलने तक पूरी प्रक्रिया

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >