Begusarai News: सोनपुर मंडल में यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नियमसम्मत यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेगा टिकट जांच अभियान चलाया गया. मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार के निर्देशन में बरौनी, बेगूसराय, सोनपुर, हाजीपुर, मानसी, खगड़िया, नवगछिया स्टेशनों और विभिन्न ट्रेनों में यह विशेष अभियान चलाया गया.
3379 बिना टिकट यात्रियों से वसूला गया 33 लाख से अधिक जुर्माना
संयुक्त जांच टीम में टिकट जांच कर्मियों, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और वाणिज्य विभाग के अधिकारी शामिल थे. सघन चेकिंग के दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट और बिना उचित प्राधिकरण के यात्रा करने वाले 3,379 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई. इस कार्रवाई से रेलवे को कुल 33,15,675 रुपये (तैंतीस लाख पंद्रह हजार छह सौ पचहत्तर) का राजस्व प्राप्त हुआ.
जुलाई माह में 5 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि जुलाई माह (27 जुलाई 2026 तक) में सोनपुर मंडल द्वारा कुल 56,142 मामलों का निपटारा करते हुए लगभग 5 करोड़ रुपये का जुर्माना व राजस्व अर्जित किया गया है. रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, अन्यथा रेलवे अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
आगे भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान
सोनपुर मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को सुरक्षित एवं पारदर्शी रेल सेवाएं देने और बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष टिकट जांच अभियान निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे.
