Begusarai News: बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं और जनसुविधाओं का जायजा लेने मंगलवार को महापौर पिंकी देवी एवं नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने संयुक्त रूप से विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान दोनों अधिकारियों ने वार्ड संख्या 4, 5, 17, 40 एवं 44 का दौरा कर चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और स्थानीय समस्याओं की स्थिति देखी.
निर्माण कार्यों की समीक्षा और संवेदकों को सख्त हिदायत
वार्ड संख्या 17 के पसपुरा ढाला तथा वार्ड संख्या 4 के कमरूद्दीनपुर में बन रहे पुलिया निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए महापौर और नगर आयुक्त ने प्रगति व गुणवत्ता की समीक्षा की. उन्होंने संवेदकों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया. महापौर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि घटिया सामग्री या गुणवत्ता में किसी भी तरह की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी.
जलजमाव पर नाराजगी, तत्काल जलनिकासी के आदेश
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 40 स्थित मस्जिद के समीप जलभराव की शिकायत पर महापौर पिंकी देवी ने नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने मौके पर मौजूद नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पंप व अन्य माध्यमों से जलजमाव समाप्त करने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने का निर्देश दिया. वहीं नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने अधिकारियों को जनशिकायतों का त्वरित निष्पादन करने तथा नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए.
इस निरीक्षण के दौरान ओसामा इब्न मंसूर, नगर प्रबंधक राजीव रंजन सिंह, सहायक अभियंता कुमार सौरभ, कनीय अभियंता सोनू कुमार समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे.
