बेगूसराय : एड्स जागरूकता के लिए मंझौल में 5 किमी दौड़, छात्रों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

बेगूसराय के मंझौल में एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 5 किमी की दौड़ प्रतियोगिता आयोजित हुई. विभिन्न कॉलेजों के छात्रों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया.

Begusarai News: बेगूसराय जिले के मंझौल स्थित रामचरितमानस महाविद्यालय में एड्स के प्रति समाज को जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने के उद्देश्य से मंगलवार को 5 किलोमीटर की एड्स जागरूकता दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, रेड रिबन क्लब और महाविद्यालय की एनएसएस इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ. कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. विजय कुमार पासवान ने हरी झंडी दिखाकर किया.

युवाओं की भागीदारी से प्रभावी बनेगा अभियान

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कमलेश कुमार ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एचआईवी/एड्स जैसी गंभीर बीमारी के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है. युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ऐसे अभियान अधिक प्रभावी बनते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचता है. दौड़ के दौरान छात्र हाथों में 'जागरूक बनें, सुरक्षित रहें' और 'एड्स को हराना है, भेदभाव मिटाना है' जैसे संदेश लिखे बैनर-पोस्टर लेकर चल रहे थे.

विभिन्न कॉलेजों के छात्रों ने लिया हिस्सा

इस जागरूकता दौड़ में रामचरितमानस महाविद्यालय, राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय तथा गणेश सिद्दत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. आयोजन का सफल समन्वय रेड रिबन क्लब के जिला पदाधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार पासवान तथा एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कुमार ने किया, जबकि सोनू, कौशिकी, उत्तम, सिमरन सहित कई स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी होंगे सम्मानित

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 छात्र और 5 छात्राओं का चयन किया गया है, जिन्हें शीघ्र ही सम्मानित किया जाएगा. विश्वविद्यालय के एनएसएस नोडल पदाधिकारी डॉ. आर. एन. चौरसिया तथा जिला समन्वयक ने मंझौल में पहली बार इस तरह का व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bipin Kumar Mishra

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >