Begusarai News : बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा गोपालपुर गांव में चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है. घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है. मामले में पीड़िता की मां के आवेदन पर बछवाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.
परिजनों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए फर्दबयान में बताया कि उनकी चार वर्षीय बेटी शनिवार शाम करीब 6 बजे घर के पास स्थित काली मंदिर के निकट खेल रही थी. करीब डेढ़ घंटे बाद बच्ची के चाचा उसे गोद में लेकर घर पहुंचे और बताया कि उसके साथ तीन लड़कों ने गलत हरकत की है. उस समय बच्ची रो रही थी और उसकी हालत भी ठीक नहीं थी.
एक नाबालिग को ग्रामीणों ने पकड़ा, दो फरार
परिजनों ने आरोपितों की तलाश शुरू की तो एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि उसने बच्ची को रोते हुए देखा था और वहां तीन लड़के मौजूद थे. उसके अनुसार, दो लड़के मौके से भाग गए, जबकि एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. पकड़े गए नाबालिग की पहचान चमथा चक्की निवासी 11 वर्षीय बालक के रूप में हुई है. वहीं, दो अन्य नाबालिग मौके से फरार बताए गए हैं.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
परिजनों की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा फरार अन्य आरोपितों की पहचान और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
Also Read : बेगूसराय में दूध लेकर जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
