Begusarai News : वैज्ञानिक संदर्भों को समझने की जिज्ञासा, स्थानीय समस्याओं की खोज और उनके समाधान के लिए नवाचारी दृष्टिकोण ने राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बीहट की कक्षा 8 की छात्रा माही को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दिलाई है. 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जिला स्तरीय स्पर्धा में जूनियर अर्बन श्रेणी से माही का चयन राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए हुआ है.
माही ने अपने मेंटर गौरव रौशन के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में “ऊर्जा में नवाचार - अन्वेषण, संवर्धन, प्रयोग और सुधार” विषय पर केंद्रित अपनी शोधपरक प्रस्तुति दी.
विद्यालय परिवार में उत्साह
जिला स्तर पर माही चयन की सूचना मिलते ही मध्य विद्यालय बीहट के विद्यालय परिवार में उत्साह का वातावरण बन गया. शिक्षकों और विद्यार्थियों ने माही की उपलब्धि को विद्यालय की वैज्ञानिक एवं रचनात्मक कार्यसंस्कृति का परिणाम बताते हुए उसके आगामी चरण के लिए शुभकामनाएं दीं.
प्रधान और शिक्षक के विचार
विद्यालय के प्रधान रंजन कुमार ने कहा कि माही का राज्य स्तर के लिए चयन केवल एक विद्यार्थी की सफलता नहीं, बल्कि उस सीखने की संस्कृति की उपलब्धि है जिसमें बच्चे प्रश्न पूछते हैं, समस्याओं को समझते हैं और समाधान खोजने का साहस करते हैं.
वहीं विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षक अनुपमा सिंह ने माही को बधाई देते हुए कहा कि माही ने हमेशा यह साबित किया है कि संसाधनों की सीमा हमारी वैज्ञानिक कल्पना की सीमा नहीं होती.
अधिकारियों की शुभकामनाएं
माही की सफलता पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, बेगूसराय तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बरौनी सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारियों ने विद्यालय परिवार, माही एवं उसके मेंटर गौरव रौशन को बधाई और शुभकामनाएं दीं.
बीहट से विज्ञान की उड़ान
विद्यालय परिवार ने माही की इस उपलब्धि को “बीहट से विज्ञान की अगली उड़ान” के रूप में देखा है. विद्यालय परिवार की ओर से माही और उसके मेंटर गौरव रौशन को हार्दिक बधाई एवं राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए शुभकामनाएं दी गईं.
