बेगूसराय में भीषण आग से परिवार तबाह, बेटी की शादी के जेवर और नकद राख

बेगूसराय के फफौत पंचायत में चूल्हे की चिंगारी से लगी भीषण आग ने एक गरीब परिवार का आशियाना राख कर दिया. बेटी की शादी के लिए रखे जेवर, 40 हजार रुपये नकद और लाखों की संपत्ति जलकर खाक हो गई. परिवार पर गहराया आर्थिक संकट, प्रशासन कर रहा है मदद की तैयारी.

Begusarai News : बेगूसराय जिला के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के फफौत पंचायत अंतर्गत चकवा गांव के वार्ड-13 में गुरुवार सुबह चूल्हे की चिंगारी से भीषण आग लग गई. आग की चपेट में आने से एक गरीब परिवार का एस्बेस्टस निर्मित घर पूरी तरह जलकर राख हो गया. हादसे में घर में रखा अनाज, बिछावन, कपड़े, बर्तन, बेटी की शादी के लिए रखा कीमती जेवर और 40 हजार रुपये नकद सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई. घटना के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है.

खाना बनाकर खेत गईं, लौटीं तो राख हो चुका था घर

जानकारी के अनुसार स्वर्गीय जोगी महतो के पुत्र कैलाश महतो के घर में सुबह अचानक आग लग गई. पीड़ित परिवार की सदस्य मनीषा कुमारी ने बताया कि वह सुबह लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाकर अपनी मां के साथ खेत चली गई थीं. इसी दौरान ग्रामीणों ने फोन कर घर में आग लगने की सूचना दी. जब तक वे वापस पहुंचीं, तब तक पूरा घर और उसमें रखा सामान जलकर राख हो चुका था.

ग्रामीणों और दमकल की मदद से आग पर पाया गया काबू

आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. बाद में सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और उसे आसपास के घरों तक फैलने से रोक दिया.

बेटी की शादी के जेवर भी जलकर हुए राख

अगलगी में बेटी की शादी के लिए वर्षों से संजोकर रखे गए सोने-चांदी के जेवर, 40 हजार रुपये नकद, अनाज, कपड़े, बर्तन और घरेलू उपयोग का अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया. परिवार के अनुसार इस घटना में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है.

पहले बेटे की मौत, अब आग से टूटा परिवार

ग्रामीणों ने बताया कि कैलाश महतो का परिवार मजदूरी कर किसी तरह जीवनयापन करता है. कैलाश महतो और उनका पुत्र नीतीश कुमार बेंगलुरु में मजदूरी करते हैं. दो वर्ष पहले छोटे पुत्र नीरज कुमार की रेल दुर्घटना में मौत हो चुकी है. अब अगलगी की इस घटना ने परिवार को और गहरे आर्थिक संकट में डाल दिया है.

प्रशासन ने शुरू की नुकसान के आकलन की प्रक्रिया

पीड़ित परिवार ने अंचल अधिकारी को आवेदन देकर मुआवजे की मांग की है. अंचल अधिकारी हरिकेश त्रिपाठी के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी मनीष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है. प्रशासन ने नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >