Begusarai News: बेगूसराय जिले के खोदावंतपुर थाना क्षेत्र स्थित बरियारपुर पूर्वी पंचायत के मसुराज गांव के पास केबीसी ईंट-चिमनी परिसर से चोरी हुए ट्रैक्टर का तीन सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है. विगत 5 जुलाई की अर्धरात्रि को डाला सहित चोरी हुए इस वाहन की बरामदगी न होने से चिमनी संचालक और ट्रैक्टर मालिक की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है.
अज्ञात चोरों पर दर्ज एफआईआर
मिली जानकारी के अनुसार फफौत पंचायत के तारा गांव निवासी और केबीसी ईंट-चिमनी के संचालक राम शोभित महतो ने मामले को लेकर खोदावंदपुर थाना में दो अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस संबंध में खोदावंदपुर थाना कांड संख्या- 80/26 दर्ज कर बेगूसराय पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
परिसर में खड़ा था वाहन
पीड़ित द्वारा आवेदन में बताया गया है कि 5 जुलाई की रात ईंट-चिमनी परिसर में खड़ा डाला सहित ट्रैक्टर अज्ञात चोर चुराकर फरार हो गए.
काफी खोजबीन के बाद शिकायत
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने अपने स्तर से आस-पास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया.
पीड़ित ने की जल्द कार्रवाई की मांग
ट्रैक्टर मालिक ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाते हुए शीघ्र वाहन बरामद करने और चोरी में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की है.
संभावित ठिकानों पर पुलिस की छानबीन
वहीं मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और ट्रैक्टर की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छानबीन जारी है.
