Begusarai News : छौड़ाही प्रखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मटिहानी में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक विनोद कुमार ने की, जबकि शिविर प्रभारी के रूप में राजस्व अधिकारी प्रकाश कुमार मौजूद रहे.
बेगूसराय की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
विद्यार्थियों की शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाना है उद्देश्य
इस अवसर पर छात्राओं को बिहार सरकार की महत्वपूर्ण पहल विद्यार्थी सहयोग शिविर के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी. बताया गया कि सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश पर सात निश्चय-3 के तहत सबका सम्मान, जीवन आसान के उद्देश्य से हर महीने के चौथे मंगलवार को चिन्हित सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में यह शिविर लगाया जा रहा है. शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक सुविधाओं को और बेहतर बनाना तथा उनकी पढ़ाई से जुड़ी जरूरतों, शिकायतों और सुझावों को सीधे सरकार तक पहुंचाना है.
इस दौरान छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के बारे में भी बताया गया. इस पोर्टल पर संबंधित विद्यालय की छात्रायें अपना निबंधन कर अपने सुझाव और विचार साझा कर सकेंगी. सरकार द्वारा प्राप्त सभी सुझावों पर 30 दिनों के अंदर सकारात्मक पहल करते हुये आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जायेंगी.
कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट की उपलब्ध थी सुविधा
शिविर को सफल बनाने के लिये विद्यालय परिसर में कियोस्क लगाया गया था, जहां कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध थी, ताकि छात्रायें आसानी से पोर्टल के बारे में समझ सकें. विद्यालय परिवार ने इस पहल का स्वागत करते हुये कहा कि इस तरह के शिविर से छात्राओं और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जो शिक्षा के स्तर को और ऊंचा ले जाने में मददगार साबित होगा.
मौके पर पुलिस अवर निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, वार्डन किरण कुमारी, रीना कुमारी, संगीता कुमारी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिका और बड़ी संख्या में छात्रायें उपस्थित थीं.
